शुक्रवार, 31 अक्तूबर 2014

महान गौ भक्त करपात्री जी महाराज

महान गौ भक्त करपात्री जी महाराज अमर रहे
स्वामी करपात्री जी के नाम से प्रसिद्ध संन्यासी का बचपन का नाम हरनारायण था। इनका जन्म सात जुलाई, 1907 को ग्राम भटनी, उत्तर प्रदेश में पंडित रामनिधि तथा श्रीमती शिवरानी के घर में हुआ था। सनातन धर्म के अनुयायी इनके पिता श्रीराम एवं भगवान शंकर के परमभक्त थे। वे प्रतिदिन पार्थिक पूजा एवं रुद्राभिषेक करते थे। यहां संस्कार बालक हरनारायण पर भी पड़े।
बाल्यावस्था में इन्होंने संस्कृत का गहन अध्ययन किया। एक बार इनके पिता इन्हें एक ज्योतिषी के पास ले गये और पूछा कि ये बड़ा होकर क्या बनेगा? ज्योतिषी से पहले ही ये बोल पड़े, मैं तो बाबा बनूंगा। वास्तव में बचपन से ही इनमें विरक्ति के लक्षण नजर आने लगे थे। समाज में व्याप्त अनास्था एवं धार्मिक मर्यादा के उल्लंघन को देखकर इन्हें बहुत कष्ट होता था। ये कई बार घर से चले गये, पर पिता जी इन्हें फिर ले आते थे।
जब ये कुछ बड़े हुए, तो इनके पिता ने इनका विवाह कर दिया। उनका विचार था कि इससे इनके पैरों में बेडि़यां पड़ जायेंगी, पर इनकी रूचि इस ओर नहीं थी। इनके पिता ने कहा कि एक संतान हो जाये, तब तुम घर छोड़ देना। कुछ समय बाद इनके घर में एक पुत्री ने जन्म लिया। अब इन्होंने संतनया का मन बना लिया। इनकी पत्नी भी इनके मार्ग की बाधक नहीं बनी। इस प्रकार 19 वर्ष की अवस्था में इन्होंने घर छोड़ दिया।
गृहत्याग कर उन्होंने अपने गुरु से वेदान्त की शिक्षा ली और फिर हिमालय के हिमाच्छादित पहाड़ों पर चले गये। वहां घोर तप करने के बाद इन्हें आत्मज्ञान की प्राप्ति हुई। इसके बाद इन्होंने अपना शेष जीवन देश, धर्म और समाज की सेवा में अर्पित कर दिया। ये शरीर पर कौपीन मात्र पहनते थे। भिक्षा के समय जो हाथ में आ जाये, वही स्वीकार कर उसमें ही संतोष करते थे। इससे ये 'करपात्री महाराज' के नाम से प्रसिद्ध हो गये।
1930 में मेरठ में इनकी भेंट स्वामी कृष्ण बोधाश्रम जी से हुई। वैचारिक समानता होने के कारण इसके बाद ये दोनों संत 'एक प्राण दो देह' के समान आजीवन कार्य करते रहे। करपात्री जी महाराज का मत था कि संन्यासियों को समाज को दिशा देने के लिए सामाजिक गतिविधियों से सक्रिय भाग लेना चाहिए। अतः इन्होंने रामराज्य परिषद, धर्मवीर दल, धर्मसंघ, महिला संघ... आदि संस्थाएं स्थापित की। धर्मसंघ महाविद्वालय में छात्रों को प्राचीन एवं परम्परागत परिपाटी से वेद, व्याकरण, ज्योतिष, न्याय शास्त्र व कर्मकांड की शिक्षा दी जाती थी। सिद्धांत, धर्म चर्चा, सनातन धर्म विजय जैसी पत्रिकाएं तथा दिल्ली, काशी व कोलकाता से सन्मार्ग दैनिक उनकी प्रेरणा से प्रारंभ हुए।
1947 से पूर्व स्वामी जी अंग्रेज शासन के विरोधी थे, तो आजादी के बाद कांग्रेस सरकार की हिंदू धर्म विरोधी नीतियों का भी उन्होंने सदा विरोध किया। उनके विरोध के कारण शासन को 'हिन्दू कोड बिल' टुकड़ों में बांटकर पारित करना पड़ा। गोरक्षा के लिए सात नवम्बर, 1966 को दिल्ली में हुए विराट प्रदर्शन में स्वामी जी ने भी लाठियां खाईं और जेल गये। स्वामी जी ने शंकर सिद्धांत समाधान, मार्क्सवाद और रामराज्य, विचार पीयूष, संघर्ष और शांति, ईश्वर साध्य और साधन, वेदार्थ पारिजात भाष्य, रामायण मीमांसा, पूंजीवाद, समाजवाद और रामराज्य आदि ग्रंथों की रचना की।
महान गोभक्त, विद्वान, धर्मरक्षक एवं शास्त्रार्थ महारथी स्वामी करपात्री जी का निधन सात फरवरी, 1982 को हुआ।आपको शत: शत: नमन:

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें