सोमवार, 29 अगस्त 2016

गोवत्स द्वादशी / बछ बारस : जानिए गौ-पूजन का महत्व

गोवत्स द्वादशी : परिवार की खुशहाली का पर्व 

भाद्रपद मास में कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि को का पर्व मनाया जाता है। इस अवसर पर गाय और बछड़े की पूजा की जाती है। भाद्रपद मास में पड़ने वाले इस उत्सव को ‘वत्स द्वादशी’ या ‘बछ बारस’ के नाम से भी जाना जाता हैं। ऐसा माना जाता है वर्ष में कि दूसरी बार यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष में भी मनाया जाता है।
 
भारतीय धार्मिक पुराणों में गौमाता में समस्त तीर्थ होने की बात कहीं गई है। पूज्यनीय गौमाता हमारी ऐसी मां है जिसकी बराबरी न कोई देवी-देवता कर सकता है और न कोई तीर्थ। गौमाता के दर्शन मात्र से ऐसा पुण्य प्राप्त होता है जो बड़े-बड़े यज्ञ, दान आदि कर्मों से भी नहीं प्राप्त हो सकता।
 
पौराणिक जानकारी के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद माता यशोदा ने इसी दिन गौमाता का दर्शन और पूजन किया था। जिस गौमाता को स्वयं भगवान कृष्ण नंगे पांव जंगल-जंगल चराते फिरे हों और जिन्होंने अपना नाम ही गोपाल रख लिया हो, उसकी रक्षा के लिए उन्होंने गोकुल में अवतार लिया। ऐसे गौमाता की रक्षा करना और उनका पूजन करना हर भारतवंशी का धर्म है। 
 
शास्त्रों में कहा है सब योनियों में मनुष्य योनी श्रेष्ठ है। यह इसलिए कहा है कि वह गौमाता की निर्मल छाया में अपने जीवन को धन्य कर सकें। गौमाता के रोम-रोम में देवी-देवता एवं समस्त तीर्थों का वास है। इसीलिए धर्मग्रंथ बताते हैं समस्त देवी-देवताओं एवं पितरों को एक साथ प्रसन्न करना हो तो गौभक्ति-गौसेवा से बढ़कर कोई अनुष्ठान नहीं है। गौमाता को बस एक ग्रास खिला दो, तो वह सभी देवी-देवताओं तक अपने आप ही पहुंच जाता है।  
 
भविष्य पुराण के अनुसार गौमाता कि पृष्ठदेश में ब्रह्म का वास है, गले में विष्णु का, मुख में रुद्र का, मध्य में समस्त देवताओं और रोमकूपों में महर्षिगण, पूंछ में अनंत नाग, खूरों में समस्त पर्वत, गौमूत्र में गंगादि नदियां, गौमय में लक्ष्मी और नेत्रों में सूर्य-चन्द्र विराजित हैं।
 
इसीलिए बछ बारस, गोवत्स द्वादशी के दिन महिलाएं अपने बेटे की सलामती, लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली के लिए यह पर्व मनाती है। इस दिन घरों में विशेष कर बाजरे की रोटी‍ जिसे सोगरा भी कहा जाता है और अंकुरित अनाज की सब्जी बनाई जाती है। इस दिन गाय की दूध की जगह भैंस या बकरी के दूध का उपयोग किया जाता है। 

 

हमारे शास्त्रों में इसका माहात्म्य बताते हुए कहा गया है कि बछ बारस के दिन जिस घर की महिलाएं गौमाता का पूजन-अर्चन करती हैं। उसे रोटी और हरा चारा खिलाकर उसे तृप्त करती है, उस घर में मां लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है और उस परिवार में कभी भ‍ी अकाल मृत्यु नहीं होती है। 

गोवत्स द्वादशी / बछ बारस : पढ़ें पौराणिक कथा

गोवत्स द्वादशी/की पौराणिक कथा के अनुसार प्राचीन समय में भारत में सुवर्णपुर नामक एक नगर था। वहां देवदानी नाम का राजा राज्य करता था। उसके पास एक गाय और एक भैंस थी। 
उनकी दो रानियां थीं, एक का नाम 'सीता' और दूसरी का नाम 'गीता' था। सीता को भैंस से बड़ा ही लगाव था। वह उससे बहुत नम्र व्यवहार करती थी और उसे अपनी सखी के समान प्यार करती थी। 
 
राजा की दूसरी रानी गीता गाय से सखी-सहेली के समान और बछडे़ से पुत्र समान प्यार और व्यवहार करती थी। 
 
यह देखकर भैंस ने एक दिन रानी सीता से कहा- गाय-बछडा़ होने पर गीता रानी मुझसे ईर्ष्या करती है। इस पर सीता ने कहा- यदि ऐसी बात है, तब मैं सब ठीक कर लूंगी। 
 
सीता ने उसी दिन गाय के बछडे़ को काट कर गेहूं की राशि में दबा दिया। इस घटना के बारे में किसी को कुछ भी पता नहीं चलता। किंतु जब राजा भोजन करने बैठा तभी मांस और रक्त की वर्षा होने लगी। महल में चारों ओर रक्त तथा मांस दिखाई देने लगा। राजा की भोजन की थाली में भी मल-मूत्र आदि की बास आने लगी। यह सब देखकर राजा को बहुत चिंता हुई। 
 
उसी समय आकाशवाणी हुई- 'हे राजा! तेरी रानी ने गाय के बछडे़ को काटकर गेहूं की राशि में दबा दिया है। इसी कारण यह सब हो रहा है। कल 'गोवत्स द्वादशी' है। इसलिए कल अपनी भैंस को नगर से बाहर निकाल दीजिए और गाय तथा बछडे़ की पूजा करें। 
 
इस दिन आप गाय का दूध तथा कटे फलों का भोजन में त्याग करें। इससे आपकी रानी द्वारा किया गया पाप नष्ट हो जाएगा और बछडा़ भी जिंदा हो जाएगा। अत: तभी से गोवत्स द्वादशी के दिन गाय-बछड़े की पूजा करने का ‍महत्व माना गया है तथा गाय और  बछड़ों की सेवा की जाती है। 

शनिवार, 27 अगस्त 2016

गाय के दोहे

गाय के दोहे 
होता है जिस का हृदय, दया-प्रेम का धाम
उस को देते हैं किशन, गौशाला का काम

ऋषि-मुनियों ने सूत से, पूछा - क्या है श्रेष्ठ
फ़ौरन बोले सूत जी, गौ सेवा है श्रेष्ठ

कौन काम लाभार्थ है कौन काम परमार्थ
गौ-पालन लाभार्थ है, गौ-सेवा परमार्थ

उस माँ को शत-शत नमन, वन्दन बारम्बार
गौ सेवा करता रहे, जिस का घर-परिवार

ऐसे मनुआ श्रेष्ठ हैं, उन को कहो कुलीन
रहते हैं जो हर घड़ी गौ सेवा में लीन

इक दिन बस यूँ ही किया, हम ने गूगल सर्च
शौक़-मौज़ से कम लगा, एक गाय का खर्च

यदि चहरे पर चाहिये, रूप और लालित्य
दही, दूध, गौ-मूत्र का, सेवन करिये नित्य

सीधे दिल तक जायगी अमरित रस की धार
गैया के थन से कभी होंठ लगा तो यार

खान साब! ये हम नहीं, कहती है कुरआन
गौमाता के पेट में है दौलत की खान

समझा है यूनान ने, लगा-लगा कर जोड़
खाओगे गौ-माँस तो, बढ़ सकती है कोढ़

इंगलिश में पढ़ कर मुझे, ज्ञात हुआ ये ज्ञान
गौ गोबर अरु सींग से, फ़स्ल बने गुणवान

एक बार यदि मान लें, मार्टिन का प्रारूप
गौ-गोबर से, तेल के, भर सकते हैं, कूप

अमरीका, इङ्ग्लेंड भी, करने लगे बखान
अब तो गौ के दूध की महिमा को पहिचान

कोई भी संसार में, करता नहीं विरोध
अपना आयुर्वेद है, युगों युगों का शोध

चलो यहीं पे रोक दें, ये पगलौट जुनून
एलोपैथिक मेडिसिन, देती नहीं सुकून

अगर गाय की पीठ पर, फेरे कोई हाथ
हो सकता है छोड़ दे, बी. पी. उस का साथ

गैया खाये साल में जितने का आहार
उस से दस गुण मोल के देती है उपहार

बछिया होती है अगर, मिलें दूध के दाम
बछड़ा भी हो जाय तो, करे खेत का काम

दुद्दू पी कर, भेंस के - पड्डा जी अलसात
लेकिन बछड़ा गाय का, करता है उत्पात

यदि पैसे ही से तुझे, समझ पड़े है मोल
तो भैया फिर दूध से, मट्ठा तक तू तोल

महाभारत अनुशासनपर्व अध्याय 83 श्लोक 25-52

महाभारत: अनुशासनपर्व: त्र्यशीतितमो अध्याय: श्लोक 25-52 का हिन्दी अनुवाद
‘तात ! पहले सत्ययुग में जब महामना देवेश्‍वरगण तीनों लोकों पर शासन करते थे और अमरश्रेष्ठ जब देवी अदिति पुत्र के लिये नित्य एक पैर से खड़ी रहकर अत्यन्त घोर एवं दुष्कर तपस्या करती थीं और उस तपस्या से संतुष्ट होकर साक्षात भगवान विष्णु ही उनके गर्भ में पदार्पण करने वाले थे उन्हीं दिनों की बात है, महादेवी अदिति को महान तप करती देख दक्ष की धर्मपारायण पुत्री सुरभि देवी ने बड़े हर्ष के साथ घोर तपस्या आरंभ की।‘कैलास के रमणीय शिखर पर जहां देवता और गन्धर्व सदा विराजित रहते हैं, वहां वह उत्तम योग का आश्रय ले ग्यारह हजार वर्षों तक एक पैर से खड़ी रही।' उसकी तपस्या से देवता, ऋषि और बड़े-बड़े नाग भी संतप्त हो उठे।‘वे सब लोग मेरे साथ ही सुभलक्षिणा तपस्विनी सुरभि देवी के पास जाकर खड़े हुए।' तब मैंने वहां उससे कहा-‘सती-साध्वी देवी। तुम किस लिये यह घोर तपस्या करती हो?' 'शोभने ! महाभागे ! मैं तुम्हारी इस तपस्या से बहुत संतुष्ट हूं। देवी ! तू इच्छानुसार वर मांग।’ पुरन्दर ! इस तरह मैंने सुरभि को वर मांगने के लिये प्रेरित किया। सुरभि ने कहा- भगवन ! निष्पाप लोक पितामह। मुझे वर लेने की कोई आवश्‍यकता नहीं है। मेरे लिये तो सबसे बड़ा वर यही है कि आज आप मुझ पर प्रसन्न हो गये हैं। ब्रह्माजी ने कहा देवेश्‍वर ! देवन्द्र ! शचीपते ! जब सुरभि ऐसी बात कहने लगी तब मैंने उसे जो उत्तर दिया वह सुनो। (मैंने कहा-) देवी ! सुभानने ! तुमने लोभ और कामना को त्याग दिया है। तुम्हारी इस निष्काम तपस्या से मैं बहुत प्रसन्न हूं; अतः तुम्हें अमरत्व का वरदान देता हूं । तुम मरी कृपा से तीनों लोकों के ऊपर निवास करोगी और तुम्हारा वह धाम ‘गोलोक’ नाम से विख्यात होगा। महाभागे ! तुम्हारी सभी शुभ संतानें, समस्त पुत्र और कन्याऐं मानवलोक में उपयुक्त कर्म करती हुई निवास करेंगी । देवी ! शुभे ! तुम अपने मन से जिन दिव्य अथवा मानवी भोगों का चिंतन करोगी तथा जो स्वर्गीय सुख होगा, वे सभी तुम्हें स्वतः प्राप्त होते रहेंगे। सहस्त्राक्ष। सुरभि के निवास भूत गोलोक में सबकी सम्पूर्ण कामनाऐं पूर्ण होती हैं। वहां मृत्यु और बुढ़ापा का आक्रमण नहीं होता है। अग्नि का भी जोर नहीं चलता। वासव ! वहां न कोई दुर्भाग्य है और न अशुभ। वहां दिव्य वन, भवन तथा परम सुन्दर एवं इच्छानुसार विचरने वाले विमान मौजूद हैं। कमल नयन इन्द्र ! ब्रह्मचर्य, तपस्या, यत्न, इन्द्रिय - संयम, नाना प्रकार के दान, पुष्य, तीर्थ सेवन, महान तप और अनान्य शुभ कर्मों के अनुष्ठान से ही गोलोक की प्राप्ति हो सकती है। असुरसूदन शक्र। इस प्रकार तुम्हारे पूछने के अनुसार मैंने सारी बातें बतलायी हैं। अब तुम्हें गौओं का कभी तिरस्कार नहीं करना चाहिये।भीष्मजी कहते हैं- युधिष्ठिर ! ब्रह्माजी का यह कथन सुनकर सहस्त्र नेत्रधारी इन्द्र प्रतिदिन गौओं की पूजा करने लगे। उन्होंने उनके प्रति बहुत सम्मान प्रकट किया। महाघुते ! यह सब मैंने तुमसे गौओं का परम पावन, परम पवित्र और अत्यन्त उत्तम महात्म्य कहा है। पुरुषसिंह। यदि इसका कीर्तन किया जाये तो यह समस्त पापों से छुटकारा दिलाने वाला है। जो एकाग्रचित हो सदा यज्ञ और श्राद्ध में हव्य और कव्य अर्पण करते समय ब्राह्माणों को यह प्रसंग सुनायेगा, उसका दिया हुआ (हव्य और कव्य) समस्त कामनाओं का पूर्ण करने वाला और अक्षय होकर पितरों को प्राप्त होगा। गौभक्त मनुष्य जिस-जिस वस्तु की इच्छा करता है वह सब उसे प्राप्त होती है। स्त्रियों में जो भी गौओं की भक्ता है, वे मनोबांछित कामनाऐं प्राप्त कर लेती हैं। पुत्रार्थी मनुष्य पुत्र पाता है और कन्यार्थी कन्या। धन चाहने वालों को धन और धर्म चाहने वालों को धर्म प्राप्त होता है। विद्यार्थी विद्या पाता है और सुखार्थी सुख। भारत! गौभक्त के लिये यहां कुछ भी दुर्लभ नहीं है।

इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासनपर्व के अन्‍तगर्त दानधर्मपर्वमें गोलाक का वर्णन विषयक तिरासीवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

महाभारत अनुशासनपर्व अध्याय 83 श्लोक 1-24

महाभारत: अनुशासनपर्व: त्र्यशीतितमो अध्याय: श्लोक 1-24 का हिन्दी अनुवाद
ब्रह्माजी का इन्‍द्र से गोलोक और गौओं का उत्‍कर्ष बताना और गौओं को वरदान देना
भीष्मजी कहते हैं- युधिष्ठिर ! जो मनुष्य सदा यज्ञशिष्ट अन्न का भोजन और गोदान करते हैं उन्हें प्रतिदिन यज्ञदान और यज्ञ करने का फल मिलता है। दही और गोघृत के बिना यज्ञ नहीं होता। उन्हीं से यज्ञ का यज्ञत्व सफल होता है। अत: गौओं को यज्ञ का मूल कहते हैं। सब प्रकार के दानों में गोदान ही उत्तम माना जाता है; इसलिये गौऐं श्रेष्ठ, पवित्र तथा परम पावन हैं। मनुष्य को अपने शरीर की पुष्टि तथा सब प्रकार के विघ्नों की शांति के लिये भी गौओं का सेवन करना चाहिये। इनके दूध, दही और घी सब पापों से छुड़ाने वाले हैं। भरतश्रेष्ठ ! गौऐं इहलोक और परलोक में भी महान तेजोरूप मानी गयी हैं। गौओं से बढकर पवित्र कोई वस्तु नहीं है। युधिष्ठिर ! इस विषय में विद्वान पुरुष इन्द्र और ब्रह्माजी के इस प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया करते हैं। पूर्वकाल में देवताओं द्वारा दैत्यों के परास्त हो जाने पर जब इन्द्र तीनों लोकों के अधीश्‍वर हुए तब समस्त प्रजा मिलकर बड़ी प्रसन्नता के साथ सत्य और धर्म में तत्पर रहने लगी। कुन्तीनन्दन ! तदनन्तर एक दिन जब ऋषि, गन्धर्व, किन्नर, नाग, राक्षस, देवता, असुर, गरूड़ और प्रजापति गण ब्रह्माजी की सेवा में उपस्थित थे, नारद, पर्वत, विश्‍वावसु, हाहा और हूहू नामक गन्धर्व जब दिव्य तान छेड़कर गाते हुए वहां उन भगवान ब्रह्माजी की उपासना करते थे, वायुदेव दिव्य पुष्पों को सुगंध लेकर बह रहे थे, पृथक- पृथक ऋतुऐं भी उत्तम सौरभ से युक्त दिव्य पुष्प भेंट कर रही थीं, देवताओं का समाज जुटा था, समस्त प्राणियों का समागम हो रहा था, दिव्य - वाद्यों की मनोरम ध्वनि गूंज रही थी तथा दिव्यांगनाओं और चारणों से वह समुदाय घिरा हुआ था, उसी समय देवराज इन्द्र ने देवेश्‍वरब्रह्माजी को प्रणाम करे पूछा-‘भगवन ! पितामह ! गोलोक समस्त देवताओं और लोकपालों के ऊपर क्यों है? मैं इसे जानाना चाहता हूं। प्रभो ! गौओं ने यहां किस तपस्या का अनुष्ठान अथवा ब्रह्मचर्य का पालन किया है, जिससे वे रजोगुण से रहित होकर देवताओं से भी ऊपर स्थान में सुखपूर्वक निवास करती हैं? तब ब्रह्माजी ने बलसूदन इन्द्र से कहा- ‘बलासुर का विनाश करने वले देवेन्द्र ! तुमने सदा गौओं की अवहेलना की है।' प्रभो ! इसलिये तुम इनका माहत्म्य नहीं जानते। सुरश्रेष्ठ ! गौओं का महान प्रभाव और महात्म्य मैं बताता हूं, सुनो। ‘वासव !' गौओं का यज्ञ का अंग और साक्षात यज्ञरूप बतलाया गया है; क्योंकि इनके दूध, दही और घी के बिना यज्ञ किसी तरह सम्पन्न नहीं हो सकता। ‘ये अपने दूध-घी से प्रजा का भी पालन पोषण करती हैं।' इनके पुत्र (बैल) खेती के काम आते तथा नाना प्रकार के धान्य एवं बीज उत्पन्न करते हैं। ‘उन्हीं से यज्ञ सम्पन्न होते और हव्य-कव्य का भी सर्वथा निर्वाह होता है। सुरेश्‍वर। इन्हीं गौओं से दूध, दही और घी प्राप्त होते हैं। ये गौऐं बड़ी पवित्र होती हैं। बैल भूख-प्यास से पीड़ित होकर भी नाना प्रकार के बोझ ढोते रहते हैं। इस प्रकार गौऐं अपने कर्म से ऋषियों तथ प्रजाओं का पालन करती हैं। वासव ! इनके व्यवहार में माया नहीं होती। ये सदा सत्कर्म में ही लगी रहती हैं । ‘ इसी से ये गौऐं हम सब लोगों के ऊपर स्थान में निवास करती हैं।' शक्र तुम्हारे प्रश्‍न के अनुसार मैंने यह बात बताई कि गौऐं देवताओं के ऊपर स्थान में क्यों निवास करती हैं। शतक्रतु इन्द्र! इसके सिवा ये गौऐं वरदान भी प्राप्त कर चुकी हैं और प्रसन्न होने पर दूसरों को वर देने की शक्ति रखती हैं।‘ सुरभि गौऐं पुण्य कर्म करने वाली और शुभलक्षिणा होती हैं। सुरश्रेष्ठ ! बलसूदन ! वे जिस उद्वेश्‍य से पृथ्वी पर गयी हैं, उसको भी मैं पूर्णरूप से बता रहा हूं, सुनो।

महाभारत अनुशासनपर्व अध्याय 82 श्लोक 1-27

महाभारत: अनुशासनपर्व: द्वयशीतितम अध्याय: श्लोक 1-27 का हिन्दी अनुवाद
लक्ष्‍मी और गौओं का संवाद तथा लक्ष्‍मी की प्रार्थना पर गौओं के द्वारा गोबर और मूत्र में लक्ष्‍मी को निवास के लिये स्‍थान दिया जाना।
युधिष्ठिर ने कहा- पितामह ! मैंने सुना है कि गौओं के गोबर में लक्ष्मी का निवास है; किंतु इस विषय में मुझे संदेह है, अतः इसके सम्बन्ध में यथार्थ बात सुनना चाहता हूं ।भीष्मजी ने कहा। भरतश्रेष्ठ।नरेश्‍वर ! इस विषय में विज्ञ पुरुष गौर और लक्ष्मी के संवाद रूप इस प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया करते हैं। एक समय की बात है, लक्ष्मी ने मनोहर रूप धारण करके गौओं के झुण्ड में प्रवेश किया। उनके रूप वैभव को देखकर गौऐं आश्‍चर्यचकित हो उठीं। गौओं ने पूछा- देवी ! तुम कौन हो और कहां से आयी हो? इस पृथ्वी पर तुम्हारे रूप की कहीं तुलना नहीं है। महाभागे ! तुम्हारी इस रूप संपत्ति से हम लोग बड़े आश्‍चर्य में पड़ गये हैं। इसलिये हम तुम्हारा परिचय जानना चहती हैं। तुम कौन हो कहां जाओगी? वरवणिनि। ये सारी बातें हमे ठीक-ठीक बताओ । लक्ष्मी बोली- गौओं ! तुम्हारा कल्याण हो। मैं इस जगत में लक्ष्मी नाम से प्रसिद्ध हूं। सारा जगत मेरी कामना करता है। मैंने दैत्यों को छोड़ दिया इसलिये वे सदा के लिये नष्ट हो गये हैं । मेरे ही आश्रम में रहने के कारण इन्द्र, सूर्य, चन्द्रमा, विष्णु, जल के अधिष्ठाता देवता वरुण और अग्नि आदि देवता सदा आनन्द भोग रहे हैं। देवताओं तथा ऋषियों को मुझसे अनुगृहीत होने पर ही सिद्वि मिलती है। गौओं ! मैं जिनके शरीर में प्रवेश नहीं करती वे सर्वथा नष्ट हो जाते हैं। धर्म, अर्थ और काम मेरा सहयोग पाकर ही सुखद होते हैं; अतः सुखदायिनी गौओं ! मुझे ऐसे ही प्रभाव से सम्पन्न समझो। मैं तुम सब लोगों के भीतर भी सदा निवास करना चाहती हूं और इसके लिये स्वयं ही तुम्हारे पास आकर प्रार्थना करती हूं। तुम लोग मेरा आश्रय पाकर श्रीसम्पन्न हो जाओ। गौओं ने कहा- देवि ! तुम चंचला हो। कहीं भी स्थिर होकर नहीं रहती। इसके सिवा तुम्हारा बहुतों के साथ एक-सा सम्बन्ध है; इसलिये हम तुम्हें नहीं चाहती हैं। तुम्हारा कल्याण हो। तुम जहां आनन्दपूर्वक रह सको जाओ । हमारा शरीर तो यों ही हुष्ट-पुष्ट और सुन्दर है। हमैं तुमसे क्या काम? तुम्हारी जहां इच्छो हो, चली जाओ। तुमने दर्शन दिया, इतने से ही हम कृतार्थ हो गयीं। लक्ष्मीजी ने कहा- गौओं ! यह क्या बात है?क्या यही तुम्हारे लिये उचित है कि तुम मेरा अभिनन्दन नहीं करतीं? मैं सती-साध्वी हूं, दुर्लभ हूं। फिर भी इस समय तुम मुझे स्वीकार क्यों नहीं करतीं? उत्तम व्रत का पालन करने वाली गौओं। लोक में जो यह प्रवाद चल रहा है कि ‘बिना बुलाये स्वयं किसी के यहां जाने पर निश्‍चय ही अनादर होता है’ यह ठीक ही जान पड़ता है । देवता, दानव, गंधर्व, पिशाच, नाग, राक्षस और मनुष्य बड़ी उग्र तपस्या करके मेरी सेवा का सौभाग्य प्राप्त करते हैं। सौम्य स्वभाव वाली गौओं। यह तुम्हारा प्रभाव है कि मैं स्वयं तुम्हारे पास आयी हूं। अतः तुम मुझे यहां ग्रहण करो। चराचर प्राणियों सहित समस्त त्रिलोकी में कहीं भी मैं अपमान पाने योग्य नहीं हूं। गौओं ने कहा देवी ! हम तुम्हारा अपमान या अनादर नहीं करतीं। केवल तुम्हारा त्याग कर रही हैं। वह भी इसलिये कि तुम्हारा चित्त चंचल है। तुम कहीं भी स्थिर होकर नहीं रहतीं। इस विषय में बहुत बात करने से क्या लाभ? तुम जहां जाना चाहो चली जाओ। अनघे ! हम सब लोगों का शरीर तो यों ही हुष्ट-पुष्ट और सुंदर है; अतः तुमसे हमें क्या काम है। लक्ष्मी ने कहा- दूसरों को सम्मान देने वाली गौओं ! तुम्हारे त्याग देने से मैं सम्पूर्ण जगत के लिये अवहेलित और उपेक्षित हो जाऊंगी, इसलिये मुझ पर कृपा करो। तुम महान सौभाग्यशालिनी और सबको शरण देने वाली हो। मैं भी तुम्हारी शरण में आयी हूं। तुम्हारी भक्त हूं। मुझ में कोई दोष भी नहीं है; अतः तुम मेरी रक्षा करो- मुझे अपना लो। गौओं। मैं तुमसे सम्मान चाहती हूं। तुम सदा सबका कल्याण करने वाली हो। तुम्हारे किसी एक अंग में, नीचे के कुत्सित अंग में भी यदि स्थान मिल जाये तो मैं उसमें रहना चाहती हूं। निष्पाप गौओ। वास्तव में तुम्हारे अंगों में कही कोई कुत्सित स्थान नहीं दिखाई देता। तुम परम पुण्यमयी, पवित्र और सौभाग्यशालिनी हो। अतः मुझे आज्ञा दो। तुम्हारे शरीर में जहां मैं रह सकूं उसके लिये मुझे स्पष्ट बताओ। नरेश्‍वर। लक्ष्मी के ऐसा कहने पर करुणा और वात्सल्य की मूर्ति शुभस्वरूपा गौओं ने एक साथ मिलकर सलाह की; फिर सबने लक्ष्मी से कहा- शुभे यशस्विनी ! अवश्‍य ही हमें तुम्हारा सम्मान करना चाहिये। तुम हमारे गोबर और मूत्र में निवास करो; क्योंकि हमारी ये दोनों वस्तुऐं परम पवित्र हैं। लक्ष्मी ने कहा- सुखदायिनी गौऔं ! धन्य भाग्य जो तुम लोगों ने मुझ पर कृपापूर्ण प्रसाद प्रकट किया। ऐसा ही होगा- मैं तुम्हारे गोबर और मूत्र में ही निवास करूंगी। तुमने मेरा मान रख लिया, अतः तुम्हारा कल्याण हो । भरतनन्दन ! इस प्रकार गौओं के साथ प्रतिज्ञा करके लक्ष्मी जी उनके देखते-देखते वहां से अन्तर्धान हो गयीं। बेटा ! इस तरह मैंने तुमसे गोबर का महात्म्य बतलाया है। अब पुनः गौओं का महात्म्य बतला रहा हूं, सुनो।

इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासनपर्व के अन्‍तगर्त दानधर्मपर्वमें गौओं की उत्पत्ति का गोदान विषयक बयासीवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

महाभारत अनुशासनपर्व अध्याय 81 श्लोक 21-47


महाभारत: अनुशासनपर्व: एकाशीतितमो अध्याय: श्लोक 21-47 का हिन्दी अनुवाद
वहां के जलाशय लाल कमल वनों से तथा प्रातःकालीन सूर्य के समान प्रकाशमान मणिजनित सुवर्णमय सोपानों से सुशोभित होते हैं। वहां की भूमि कितने ही सरावरों से शोभा पाती है। उन सरावरों में नीलोत्पल मिश्रित बहुत से कमल खिले रहते हैं। उन कमलों के दल बहुमूल्य मणि में होते हैं और उनके केसर अपनी सुवर्णमयी प्रभा से प्रकाशित होते हैं। उस लोक में बहुत-सी नदियां हैं, जिनके तटों पर खिले हुए कनेरों के वन तथा विकसित संतानक (कल्पवृक्ष विशेष) के वन एवं अनान्य वृक्ष उनकी शोभा वढाते हैं। वे वृक्ष और वन अपने मूल भाग में सहस्त्रों आवर्तों से घिरे हुए हैं। उन नदियों के तटों पर निर्मल मोती, अत्यन्त प्रकाशमान मणिरत्न तथा सुवर्ण प्रकट होते हैं । कितने ही उत्तम वृक्ष अपने मूलभाग के द्वारा उन नदियों के जल में प्रविष्‍ट दिखाई देते हैं। वे सर्वरत्नमय विचित्र देखे जाते हैं। कितने ही सुवर्णमय होते हैं और दूसरे बहुत से वृक्ष प्रज्वलित अग्नि के समान प्रकाशित होते हैं। वहां सोने पर्वत तथा मणि और रत्नों के शैल समूह हैं, जो अपने मनोहर, ऊंचे तथा सर्व रत्नमय शिखरों से सुशोभित होते हैं। भरतश्रेष्ठ। वहां के वृक्षों में सदा ही फूल और फल लगे रहते हैं। वे वृक्ष पक्षियों से भरे होते हैं तथा उनके फूलों और फलों में दिव्य सुगंध और दिव्य रस होते हैं। युधिष्ठिर। वहां पुण्यात्मा पुरुष ही सदा निवास करते हैं। गोलोकवासी शोक और क्रोध से रहित, पूर्ण काम एवं सफल मनोरथ होते हैं । भरतनन्दन ! वहां के यशस्‍वी एवं पुण्यकर्मा मनुष्य विचित्र एवं रमणीय विमानों में बैठकर यथेष्ठ विहार करते हुए आनन्द का अनुभव करते हैं। राजन ! उनके साथ सुन्दर अप्सराऐं क्रीड़ा करती हैं। युधिष्ठिर ! गोदान करके मनुष्य इन्हीं लोकों में जाते हैं। नरेन्द्र! शक्तिशाली सूर्य और वलवान वायु जिन लोकों के अधिपति हैं, एवं राजा वरुण जिन लोकों के एश्‍वर्य पर प्रतिष्ठित हैं, मनुष्य गोदान करके उन्हीं लोकों में जाता है। गौऐं युगन्धरा एवं स्वरूपा, बहुरूपा, विश्‍वरूपा तथा सबकी माताऐं हैं। शुकदेव। मनुष्य संयम-नियम के साथ रहकर गौओं के इन प्रजापति कथित नामों का प्रतिदिन जप करे। जो पुरुष गौओं की सेवा और सब प्रकार से उनका अनुगमन करता है, उस पर संतुष्ट होकर गौऐं उसे अत्यन्त दुर्लभ वर प्रदान करती हैं। गौओं के साथ मन से कभी द्रोह न करें, उन्हें सदा सुख पहुंचाऐं उनका यथोचित सत्कार करें और नमस्कार आदि के द्वारा उनका पूजन करते रहें। जो मनुष्य जितेन्द्रिय और प्रसन्नचित्त्त होकर नित्य गौओं की सेवा करता है, वह समृद्वि का भागी होता है। मनुष्य तीन दिनों तक गरम गोमूत्र पीकर रहे, फिर तीन दिनों तक गरम गोदुग्ध पीकर रहे । गरम गोदुग्ध पीने के पश्चात तीन दिनों तक गरम-गरम गोघृत पीयें। तीन दिन तक गरम घी पीकर फिर तीन दिनों तक वह वायु पीकर रहे। देवगण भी जिस पवित्र घृत के प्रभाव से उत्तम-उत्तम लोक का पालन करते हैं तथा जो पवित्र वस्तुओं में सबसे बढ़कर पवित्र है, उससे घृत को शिरोधार्य करें। गाय के घी के द्वारा अग्नि में आहुति दें। घृत की दक्षिणा देकर ब्राह्माणों द्वारा स्वस्तिवाचन करायें। घृत भोजन करें तथा गौघृत का ही दान करें। ऐसा करने से मनुष्य गौओं की समृद्वि एवं अपनी पुष्टि का अनुभव करता है। गौओं के गोबर से निकाले हुए जौ की लप्सी का एक मास तक भक्षण करें। इससे मनुष्य ब्रह्म हत्या जैसे पाप से भी छुटकारा पा जाता है। जब दैत्यों ने देवताओं को पराजित कर दिया, तब देवताओं ने इसी प्रायश्चित का अनुष्ठान किया। इससे उन्हें पुनः (नष्ट हुए) देवत्व की प्राप्ति हुई तथा वे महाबलवान और परम सिद्ध हो गये। गौऐं परम पावन, पवित्र और पुण्य स्वरूपा हैं। वे महान देवता हैं। उन्हें ब्राह्माणों को देकर मनुष्य स्वर्ग का सुख भोगता है। पवित्र जल से आचरण करके पवित्र होकर गौओं के बीच में गोमती मंत्र (गोमां अग्नेविमां अश्वि इत्यादि) का मन-ही-मन जप करें। ऐसा करने से वह अत्यन्त शुद्व एवं निर्मल (पापमुक्त) हो जाता है। विद्या और वेदव्रत में निष्णात पुण्यात्मा ब्राह्माणों को चाहिये के वे अग्नियों और गौओं के बीच में तथा ब्राह्माणों की सभा में शिष्‍यों को यज्ञ तुल्य गोमती विद्या की शिक्षा दें। जो तीन रात तक उपवास करके गोमती मंत्र का जप करता है, उसे गौओं का वरदान प्राप्त होता है। पुत्र की इच्छा वाला पुत्र और धन चाहने वाला धन पाता है। पति की इच्छा रखने वाली स्त्री को मन के अनुकूल पति मिलता है। सारांश यह है कि गौओं की आराधना करके मनुष्य सम्पूर्ण कामनाओं को प्राप्त कर लेता है। गौऐं मनुष्यों द्वारा सेवित और संतुष्ट होकर उन्हें सबकुछ देती हैं, इसमें संशय नहीं है। इस प्रकार ये महाभाग्यशालिनी गौऐं यज्ञ का प्रधान अंग हैं और सबको सम्पूर्ण कामनाऐं देने वाली हैं। तुम इन्हें रोहिणी समझो। इनसे बढ़कर दूसरा कुछ नहीं है। युधिष्ठिर। अपने महात्मा पिता व्यासजी के ऐसा कहने पर महातेजस्वी शुकदेवजी प्रतिदिन गौ की सेवा-पूजा करने लगे; इसलिये तुम भी गौओं की सेवा-पूजा करो।

इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासनपर्व के अन्‍तगर्त दानधर्मपर्वमें गौओं की उत्पत्ति का गोदान विषयक इक्यासीवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।