बुधवार, 23 अक्टूबर 2019

गौ करुणानिधि: भाग 2

अथ समीक्षा-प्रकरणम् – गोकृष्यादिरक्षिणीसभा

इस सभा का नाम गोकृष्यादिरक्षिणीसभा इसलिये रक्खा है जिससे गवादि पशु और कृष्यादि कर्म्मों की रक्षा और वृद्धि होकर सब प्रकार के उत्तम सुख मनुष्यादि प्राणियों को प्राप्‍त होते हैं, और इस के विना निम्नलिखित सुख कभी प्राप्‍त नहीं हो सकते ।
सर्वशक्तिमान् जगदीश्‍वर ने इस सृष्‍टि में जो जो पदार्थ बनाये हैं, वे निष्प्रयोजन नहीं, किन्तु एक एक वस्तु अनेक अनेक प्रयोजन के लिये रचा है । इसलिये उन से वे ही प्रयोजन लेना न्याय है अन्यथा अन्याय । देखिये जिसलिये यह नेत्र बनाया है, इससे वही कार्य लेना सब को उचित होता है, न कि उसको पूर्ण प्रयोजन न लेकर बीच ही में नष्‍ट कर दिया जावे । क्या जिन जिन प्रयोजनों के लिये परमात्मा ने जो जो पदार्थ बनाये हैं, उन उन से वे वे प्रयोजन न लेकर उनको प्रथम ही विनष्‍ट कर देना सत्पुरुषों के विचार में बुरा कर्म नहीं है ? पक्षपात छोड़कर देखिये, गाय आदि पशु और कृषि आदि कर्मों से सब संसार को असंख्य सुख होते हैं वा नहीं ? जैसे दो और दो चार, वैसे ही सत्यविद्या से जो जो विषय जाने जाते हैं वे अन्यथा कभी नहीं हो सकते ।
जो एक गाय न्यून से न्यून दो सेर दूध देती हो, और दूसरी बीस सेर, तो प्रत्येक गाय के ग्यारह सेर दूध होने में कुछ भी शंका नहीं । इस हिसाब से एक मास में ८।ऽ सवा आठ मन दूध होता है । एक गाय कम से कम ६ महीने, और दूसरी अधिक से अधिक १८ महीने तक दूध देती है, तो दोनों का मध्यभाग प्रत्येक गाय के दूध देने में बारह महीने होते हैं । इस हिसाब से बारहों महीनों का दूध ९९।ऽ निन्नानवे मन होता है । इतने दूध को औटा कर प्रति सेर में एक छटांक चावल और डेढ़ छटांक चीनी डाल कर खीर बना खावें, तो प्रत्येक पुरुष के लिये दो सेर दूध की खीर पुष्कल होती है । क्यूंकि यह भी एक मध्यभाग की गिनती है, अर्थात् कोई दो सेर दूध की खीर से अधिक खायेगा और कोई न्यून । इस हिसाब से एक प्रसूता गाय के दूध से १९८० एक हजार नौ सौ अस्सी मनुष्य एक वार तृप्‍त होते हैं । गाय न्यून से न्यून आठ और अधिक से अधिक अट्ठारह वार ब्याती है, इसका मध्यभाग तेरह वार आया, तो २५७४० पच्चीस हजार सात सौ चालीस मनुष्य एक गाय के जन्म भर के दूधमात्र से एक वार तृप्‍त हो सकते हैं ।
इस गाय की एक पीढ़ी में छः बछिया और सात बछड़े हुये । इनमें से एक का मृत्यु रोगादि से होना सम्भव है, तो भी बारह रहे । उन छः बछियाओं के दूधमात्र से उक्त प्रकार १५४४४० एक लाख चौवन हजार चार सौ चालीस मनुष्यों का पालन हो सकता है । अब रहे छः बैल, सो दोनों साख में एक जोड़े से २००।ऽ दो सौ मन अन्न उत्पन्न हो सकता है । इस प्रकार तीन जोड़ी ६००।ऽ छः सौ मन अन्न उत्पन्न कर सकती हैं, और उनके कार्य का मध्यभाग आठ वर्ष है । इस हिसाब से ४८००।ऽ चार हजार आठ सौ मन अन्न उत्पन्न करने की शक्ति एक जन्म में तीनों जोड़ी की है । ४८००।ऽ इतने मन अन्न से प्रत्येक मनुष्य का तीन पाव अन्न भोजन में गिनें, तो २५६००० दो लाख छप्पन हजार मनुष्‍यों का एक वार भोजन होता है । दूध और अन्न को मिला कर देखने से निश्‍चय है कि ४१०४४० चार लाख दश हजार चार सौ चालीस मनुष्यों का पालन एक वार के भोजन से होता है । अब छः गाय की पीढ़ी परपीढियों का हिसाब लगाकर देखा जावे तो असंख्य मनुष्‍यों का पालन हो सकता है । और इसके मांस से अनुमान है कि केवल अस्सी मांसाहारी मनुष्‍य एक वार तृप्‍त हो सकते हैं । देखो ! तुच्छ लाभ के लिये लाखों प्राणियों को मार असंख्य मनुष्यों की हानि करना महापाप क्यों नहीं ?
यद्यपि गाय के दूध से भैंस का दूध कुछ अधिक और बैलों से भैंसा कुछ न्यून लाभ पहुँचाता है, तदपि जितना गाय के दूध और बैलों के उपयोग से मनुष्यों को सुखों का लाभ होता है उतना भैंसियों के दूध और भैंसों से नहीं । क्योंकि जितने आरोग्यकारक और बुद्धिवर्द्धक आदि गुण गाय के दूध और बैलों में होते हैं, उतने भैंस के दूध और भैंसे आदि में नहीं हो सकते । इसीलिये आर्यों ने गाय सर्वोत्तम मानी है।
और ऊंटनी का दूध गाय और भैंस के दूध से भी अधिक होता है, तो भी इन के दूध के सदृश नहीं । ऊंट और ऊंटनी के गुण भार उठाकर शीघ्र पहुँचाने के लिये प्रशंसनीय हैं ।

गौ करुणानिधि: भाग 1

नमो विश्‍वम्भराय जगदीश्‍वराय
अथ गोकरुणानिधिः
स्वामिदयानन्दसरस्वतीनिर्मितः
गाय आदि पशुओं की रक्षा से सब प्राणियों के सुख के लिए अनेक सत्पुरुषों की सम्मति के अनुसार आर्यभाषा में बनाया ।
_________________________________
ओ३म् नमो नमः सर्वशक्तिमते जगदीश्‍वराय ॥
गोकरुणानिधिः
इन्द्रो॒ विश्‍व॑स्य राजति । शन्नो॑ अस्तु द्वि॒पदे॒ शं चतु॑ष्पदे ॥

- य. अ. ३६ । मं. ८ ॥
तनोतु सर्वेश्‍वर उत्तमम्बलं गवादिरक्षं विविधं दयेरितः ।

अशेषविघ्नानि निहत्य नः प्रभुः सहायकारी विदधातु गोहितम् ॥१॥

ये गोसुखं सम्यगुशन्ति घीरस्ते धर्म्मजं सौख्यमथाददन्ते ।

क्रूरा नराः पापरता न यन्ति प्रज्ञाविहीनाः पशुहिंसकास्तत् ॥२॥

भूमिका

वे धर्मात्मा विद्वान् लोग धन्य हैं, जो ईश्‍वर के गुण, कर्म, स्वभाव, अभिप्राय, सृष्‍टि-क्रम, प्रत्यक्षादि प्रमाण और आप्‍तों के आचार से अविरुद्ध चलके सब संसार को सुख पहुँचाते हैं । और शोक है उन पर जो कि इनसे विरुद्ध स्वार्थी दयाहीन होकर जगत् में हानि करने के लिये वर्त्तमान हैं । पूजनीय जन वे हैं जो अपनी हानि होती हो तो भी सब के हित के करने में अपना तन, मन, धन लगाते हैं । और तिरस्करणीय वे हैं जो अपने ही लाभ में सन्तुष्‍ट रहकर सबके सुखों का नाश करते हैं ।
ऐसा सृष्‍टि में कौन मनुष्य होगा जो सुख और दुःख को स्वयं न मानता हो ? क्या ऐसा कोई भी मनुष्‍य है कि जिसके गले को काटे वा रक्षा करे, वह दुःख और सुख को अनुभव न करे ? जब सब को लाभ और सुख में ही प्रसन्नता है, तो विना अपराध किसी प्राणी का प्राणवियोग करके अपना पोषण करना यह सत्पुरुषों के सामने निन्द्य कर्म क्यों न होवे? सर्वशक्तिमान् जगदीश्‍वर इस सृष्‍टि में मनुष्यों के आत्माओं में अपनी दया और न्याय को प्रकाशित करे कि जिससे ये सब दया और न्याययुक्त होकर सर्वदा सर्वोपकारक काम करें, और स्वार्थपन से पक्षपातयुक्त होकर कृपापात्र गाय आदि पशुओं का विनाश न करें, कि जिससे दुग्ध आदि पदार्थों और खेती आदि क्रिया की सिद्धि से युक्त होकर सब मनुष्य आनन्द में रहें ।
इस ग्रन्थ में जो कुछ अधिक, न्यून वा अयुक्त लेख हुआ हो उसको बुद्धिमान लोग इस ग्रन्थ के तात्पर्य के अनुकूल कर लेवें । धार्मिक विद्वानों की यही योग्यता है कि वक्ता के वचन और ग्रन्थकर्त्ता के अभिप्राय के अनुसार ही समझ लेते हैं । यह ग्रन्थ इसी अभिप्राय से रचा गया है कि जिससे गौ आदि पशु जहां तक सामर्थ्य हो बचाये जावें और उनके बचाने से दूध, घी और खेती के बढ़ने से सब को सुख बढ़ता रहे । परमात्मा कृपा करे कि यह अभीष्‍ट शीघ्र सिद्ध हो ।
इस ग्रन्थ में तीन प्रकरण हैं – एक समीक्षा, दूसरा नियम और तीसरा उपनियम । इन को ध्यान दे पक्षपात छोड़ विचार के राजा तथा प्रजा यथावत् उपयोग में लावें कि जिससे दोनों के लिये सुख बढ़ता ही रहे ।
॥इति भूमिका॥

श्रद्धेय पथमेड़ा महाराजजी की कृपामयी प्रार्थना

हे मेरे नाथ, आप अपनी सुधामयी, सर्वसमर्थ, पतितपावनी, अहैतुकी कृपा से दुःखी प्राणियों के हृदय में त्याग का बल एवं सुखी प्राणियों के हृदय में गोसेवा का बल प्रदान करें। जिससे वे सुख-दुख के बन्धन से मुक्त हो आपके पवित्र प्रेम का आस्वादन कर कृत-कृत्य हो जायें, कृत-कृत्य हो जायें,
कृत-कृत्य हो जायें। धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विष्व का कल्याण हो, गोमाता की जय हो ! हर हर हर महादेव !

गौ माता की कृपा / गोसेवा के चमत्कार (सच्ची घटनाएँ)

घटना हमारे यहाँ श्रीरामपूर मील की है | पांच साल पूर्व हमने श्रीरामपूर (अहमदनगर) में श्रीलक्ष्मी इंडसट्रीज के नाम से श्रीरघुनाथदास धूतकम्पनी की भागीदारी में आयल मील शुरू की | प्रारम्भ में दो सालतक कभी मशीनिरी टूट गयी, कभी कुछ नुकसान हो गया – बड़ी तकलीफ रही | लाख कोशिश करने पर भी हम सम्भाल नहीं सके |


एक दिन देखा गया – मिल के दरवाजे के सामने एक गाय पड़ी हुई है | कसाई उसे ले जाने के लिए बहुत प्रयत्न कर रहा है – मारपीट कर रहा है, तब भी गाय जरा भी नहीं हिलती | देखने वालों की आँखों में आसूँ आ गए | मिल के मजदूरों ने उपर्युक्त घटना देखकर मेनेजर को सूचना दी | 
मेनेजर ने आकर कसाई के द्वारा छ्तीश (३६) रूपये में लायी हुई हष्ट-पुष्ट गौ को पांच रूपये मुनाफा – (कूल इकतालीस रूपये) देकर छुड़ा लिया | जो गौ कसाई के प्रयत्न करने पर भी जरा भी नहीं हिलती थी | कसाई के छोडते ही सीधे मील में चली गयी |

तबसे वह गाय मील में ही पाली-पोसी जाने लगी | उस गौ के मील में आने के बाद से ही मील की हालत दिनों दिन सुधरती गयी |

जिस मील के चलने में बराबर अड़चन आ रही थी, आज वह मील गौ-माता की कृपा से बहुत अच्छी चल रही है | वह तीन अच्छी नस्ल के बछड़े दे चुकी है और प्रतिदिन पांच लीटर दूध देती है | छोटा बच्चा भी उसके पास चला जाता है तो वह उसे जरा भी नहीं छूती | पर किसी दुसरे जानवर को कभी पास नहीं आने देती | भगवान ऐसी कल्याणमयी गोमाता को मिल के दरवाजे पर पहुचायां, इसके लिए हम उनके बड़े कृतज्ञ हैं |

गोसेवा के चमत्कार (सच्ची घटनाएँ), संपादक -श्री हनुमानप्रसाद पोद्दार, पुस्तक कोड ६५१, गीताप्रेस गोरखपुर,

गौवत्स द्वादशी पर गौ पूजन के साथ शुरू हो जाता है लक्ष्मी पर्व

कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की द्वादशी को गोवत्स द्वादशी मनाई जाती है। हिन्दू मान्यताओं और धर्म ग्रंथों के अनुसार ये महत्त्वपूर्ण व्रत और त्योहारों में एक माना गया है। इस दिन गाय तथा उनके बछड़ों की सेवा की जाती है। महिलाओं द्वारा ये व्रत अपने परिवार की समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना से किया जाता है।
गाय को लक्ष्मी स्वरूप माना जाता है। गाय की पूजा से लक्ष्मी जी प्रसन्न होती हैं। इसलिए कई जगहों पर इस दिन गाय की पूजा के साथ ही लक्ष्मी पर्व की शुरूआत हो जाती है। इस बार ये व्रत 25 अक्टूबर, शुक्रवार को किया जाएगा। कई जगहों पर ये व्रत भाद्रपद महीने के कृष्णपक्ष की द्वादशी तिथि पर भी किया जाता है।
*कैसे करें इस व्रत को*
इस दिन अगर कहीं गाय और बछड़ा नहीं मिल पाए तो चांदी या मिट्टी से बने बछड़े की पूजा भी की जा सकती है। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से पहले उठकर नित्यकर्म कर लेती हैं। इसके बाद दिनभर में किसी शुभ मुहूर्त में गाय और उसके बछड़े की पूजा करती हैं। इसके साथ ही गाय को हरा चारा और रोटी सहित अन्य चीजें खिलाकर तृप्त किया जाता है। कई जगहों पर गाय और बछड़े को सजाया जाता है। इस दिन गाय का दूध और उससे बनी चीजें नहीं खाई जाती है। इस दिन घरों में खासतौर से बाजरे की रोटी‍ और अंकुरित अनाज की सब्जी बनाई जाती है। इस दिन गाय की दूध की जगह भैंस के दूध का उपयोग किया जाता है।
*भविष्य पुराण में गौ महिमा*
भविष्य पुराण के अनुसार गाय को माता यानी लक्ष्मी का स्वरूप माना गया है। गौमाता के पृष्ठदेश में ब्रह्म का वास है, गले में विष्णु का, मुख में रुद्र का, मध्य में समस्त देवताओं और रोमकूपों में महर्षिगण, पूंछ में अनंत नाग, खूरों में समस्त पर्वत, गौमूत्र में गंगादि नदियां, गौमय में लक्ष्मी और नेत्रों में सूर्य-चन्द्र विराजित हैं।
*गोवत्स द्वादशी का महत्व*
महिलाओं द्वारा ये व्रत और पूजा की जाती है। द्वादशी तिथि पर गाय और बछड़े की पूजा करने से महिलाओं को संतान सुख प्राप्त होता है। ये पूजा संतान की अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए किया जाता है। पुराणों में इस व्रत का माहात्म्य बताते हुए कहा गया है कि बछ बारस के दिन जिस घर की महिलाएं गौमाता का पूजन-अर्चन करती हैं। उसे रोटी और हरा चारा खिलाकर उसे तृप्त करती है, उस घर में मां लक्ष्मी की कृपा सदैव बनी रहती है और उस परिवार में कभी भ‍ी अकाल मृत्यु नहीं होती है। इसीलिए महिलाएं गोवत्स द्वादशी पर्व मनाती है।

👉🏻आचार्य नन्द किशोर मिश्र
ज्योतिषमार्ग जनकल्याण कार्यालय, कुरावली (मैनपुरी)
मो. 9719588498

दूध न देने वाली गायों को बेकार न समझें, इनसे भी कर सकते हैं अच्छी कमाई

बहुत से किसान उन गायों को छुट्टा छोड़ देते हैं जो गायें दूध देना बंद कर देती हैं। लेकिन शायद उनको ये पता नहीं है कि वो उन गायों से भी अच्छी कमाई कर सकते हैं जो गायें दूध नहीं देती।

आपने अक्सर सड़कों पर, खेतों में गायों को आवारा घूमते हुए देखा है, जिनकी वजह से ट्रैफिक भी प्रभावित होता है और कई बार इन जानवरों की वजह से एक्सीडेंट भी हो जाते हैं जिसमें लोगों की जान भी चली जाती हैं।

अब आप सोच रहे होंगे ये सब तो सही है लेकिन बिना दूध देने वाली गाय से कैसे लाखों कमा सकते हैं, तो आइये हम आपको एक ऐसे किसान से मिलवाते हैं जिनके पास 14 गायें हैं और वो उन गायों का सिर्फ दूध ही इस्तेमाल मे नहीं लेते बल्कि उनके गोबर और मूत्र को भी इस्तेमाल में ले रहे हैं और अच्छा खासा लाभ कमा रहे हैं।

जिला और ब्लॉक सागर के राजीवनगर तिली सागर गाँव के आकाश चौरसिया जो करीब सात वर्षों से पूरी तरह से जैविक खेती करते हैं, किसी भी रासायनिक खाद का इस्तेमाल नहीं करते हैं उसकी जगह पर गाय के गोबर से जैविक खाद बनाकर खेत में डालते हैं।

आकाश बताते हैं, ''हम गाय का दूध तो लेते ही हैं उसके अलावा गाय के गोबर से हम बायो गैस बनाते है, जिसका इस्तेमाल खाना पकाने में किया जाता है जिससे गैस के पैसे बचते हैं और उसके बाद उसकी स्येलरी से हम जैविक खाद बनाकर खेत में डालते हैं, जिससे हमे बाहर से खाद नहीं खरीदनी पड़ती है।''

वो आगे बताते है, ''इसे बाद गाय का जो मूत्र होता है उससे कीटनाशक तैयार करते हैं, उसका इस्तेमाल भी हम अपनी फसल में करते हैं, जिससे हमे बाज़ार से कुछ भी खरीदना नहीं पड़ता है और पैसे खर्च नहीं करने पड़ते हैं।''

आमतौर पर जब किसान रासायनिक खादों और कीटनाशकों का इस्तेमाल करते हैं तो एक एकड़ में में करीब 7000 रुपए का खर्च आता है, लेकिन जब उसकी जगह पर गाय के गोबर और उसके मूत्र से बनी खाद का इस्तेमाल करते हैं तो इसकी बचत हो जाती है और खेती की लागत काफी कम हो जाती है।

इन सब चीजों के साथ-साथ आकाश अब गोबर गैस से लाइट बनाने की तैयारी भी कर रहे हैं।
इसके साथ ही सागर जिले से करीब 130 किमी दूर उत्तर दिशा में स्थित नरसिंहपुर जिले के करताज गाँव के किसान राकेश दुबे के पास तीन गायें हैं जिसके दम पर 40 एकड़ में जैविक खेती करते हैं। वो एक रुपए का भी रासायनिक खाद या कीटनाशक बाजार से खरीद कर नहीं लाते हैं। उसकी जगह पर गाय के गोबर और मूत्र का इस्तेमाल करते हैं।


राकेश बताते हैं, "बहुत से लोग उन गायों को बेकार समझ कर छोड़ देते हैं जो दूध नहीं देती, लेकिन किसान उन गायों के गोबर और मूत्र या इस्तेमाल करके हजारों रुपए की बचत कर सकते हैं।" वो बताते हैं कि इसका एक फायदा ये भी है कि आप जो भी अनाज पैदा करेंगे वो पूरी तरह से जैविक होगा और इससे बिमारियों का खतरा नहीं होता है। इसलिये जो किसान गायों को छोड़ देते हैं उनको चाहिए कि वे उन गायों को छोड़ने के बजाय उनके गोबर और मूत्र का इस्तेमाल करें और हजारों रुपए बचायें।


बुधवार, 16 अक्टूबर 2019

एक मात्र उपाय वेदलक्षणा देशी गाय

प्रिय गौ माता, प्रिय गोपाल

आज के समय में, जब बीमारियाँ हर व्यक्ति को जकड़ रही हैं, ऐसे में गाय ही एकमात्र ऐसा प्राणी है, जो हमें स्वस्थ जीवन प्रदान कर सकती है। गाय से प्राप्त हर वस्तु – दूध, गोमूत्र, गोबर, घी और दही – मानव जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी है।

गाय और ऑक्सीजन का वैज्ञानिक महत्व

वैज्ञानिक शोधों के अनुसार, गाय के गोबर में 23% ऑक्सीजन होती है, और जब इसे कंडे के रूप में उपयोग किया जाता है, तो इसमें 27% तक ऑक्सीजन पाई जाती है। सबसे आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि जब इन कंडों की राख का परीक्षण किया गया, तो उसमें 47% ऑक्सीजन नापी गई। यह सिद्ध करता है कि गाय के गोबर से बनी राख भी वातावरण को शुद्ध करने में सहायक है।

गोबर और गोमूत्र के लाभ

हम दूध और गोमूत्र का उपयोग तो करते हैं, लेकिन गोबर का महत्व अभी भी पूरी तरह समझा नहीं गया है। यदि दो चम्मच गोबर की राख को पानी में मिलाकर पिया जाए, तो शरीर को कई प्रकार के रोगों से बचाया जा सकता है।

देशी गाय बनाम जर्सी गाय

आज भारत में विदेशी जर्सी गायों का प्रचलन बढ़ा दिया गया है, जो एक साजिश का परिणाम है। देशी गाय के दूध में जो पोषक तत्व होते हैं, वे जर्सी गाय के दूध में नहीं मिलते। कुछ विशेषज्ञों के अनुसार, जर्सी गाय का दूध पीना सूअर का दूध पीने के समान है, क्योंकि इसमें कई हानिकारक तत्व पाए जाते हैं। अंग्रेजों ने 1935 में एक आदेश जारी कर भारत में बैल (नंदी) के वध को बढ़ावा दिया, जिससे हमारी कृषि और गौ-पालन प्रणाली को भारी क्षति पहुँची।

गाय: एक चलता-फिरता वातानुकूलन यंत्र

गाय ही एकमात्र ऐसा प्राणी है, जो श्वास में भी ऑक्सीजन छोड़ती है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का एक प्रमुख कारण शरीर में कार्बन की अधिकता है, लेकिन जो लोग गायों के साथ अधिक समय बिताते हैं, उन्हें ये बीमारियाँ नहीं होतीं।

भगवान कृष्ण और गौ-सेवा का संदेश

भगवान श्रीकृष्ण को हम सब पूजते हैं, लेकिन जिस गाय को उन्होंने माता मानकर जंगलों में चराया, उस गाय से प्रेम करना भूल गए हैं। कृष्ण द्वारा माखन चोरी करना केवल एक लीला नहीं थी, बल्कि एक गूढ़ संदेश था कि गाय के दूध और इससे बने उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए कितना आवश्यक है।

गाय और वास्तुशास्त्र

वास्तुशास्त्र के अनुसार, जहाँ गाय रहती है, वहाँ किसी प्रकार का वास्तु दोष नहीं होता। गाय का गोबर और मूत्र प्राकृतिक ऊर्जा को संतुलित रखते हैं और घर को नकारात्मक शक्तियों से मुक्त करते हैं।

गाय के दूध में छिपा सोना

देशी गाय के दूध में सोने के तत्व पाए जाते हैं, जो स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं। यही कारण है कि गाय का दूध हल्का पीला दिखाई देता है, और इससे बना घी भी पीले रंग का होता है।

निष्कर्ष

गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि हमारी माता है। इसका संरक्षण और संवर्धन करना हमारी जिम्मेदारी है। यदि हम गायों की सेवा करें, तो न केवल स्वयं को बल्कि पूरे समाज और पर्यावरण को स्वस्थ और समृद्ध बना सकते हैं।

गौ माता की जय!