मंगलवार, 6 अक्टूबर 2015

गाय और आयुर्वेद

गाय और आयुर्वेद


एक बड़ी पुरानी कहावत है, हम गाय नहीं पालते, गाय हमें पालती है। हम भी गाय द्वारा ११ वर्ष पालित रहे हैं। गाय का घर में होना स्वास्थ्य के लिये एक वरदान है। खाने के लिये भरपूर दूध, दही, मठ्ठा, मक्खन और घी। खेत के लिये गोबर और ईँधन के रूप में गोबर के उपले। गोमूत्र से कीटनाशक और गाय के बछड़े से खेत जोतने के लिये बैल। खेत में उपजे गेहूँ से ही चोकर, अवशेष से भूसा और सरसों से खली। अपने आप में परिपूर्ण आर्थिक व्यवस्था का परिचायक है, गाय का घर में होना। एक तृण भी व्यर्थ नहीं जाता है गाय केन्द्रित अर्थव्यवस्था में। पहले के समय यही कारण रहा होगा कि देश का किसान कृषिकार्य में केवल अन्न बेचने ही नगर आता था, उसे कभी कुछ खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ती थी। किसान सम्पन्न था, कृषिकर्म सर्वोत्तम माना जाता था। 

धीरे धीरे अंग्रेजों ने देश की रीढ़ माने जाने वाले कृषकवर्ग को तोड़ दिया, सहन करने से अधिक लगान लगाकर, भूमि अधिग्रहण कानून बनाकर, उपज का न्यून मूल्य निर्धारित करके और भिन्न तरह के अन्यायपूर्ण कानून बना कर। किसी समय चीन के साथ मिलकर भारत विश्व का ७० प्रतिशत अन्न उत्पादन करता था, अंग्रेजों के शासनकाल उसी भारत में १३ बड़े अकाल पड़े, करोड़ों लोगों की मृत्यु हुयी। कृषिकर्म अस्तव्यस्त हो गया, न खेतों में किसी का लगाव रहा और न ही उसकी संरक्षक गाय को संरक्षण मिला, वह कत्लखाने भेजी जाने लगी। १९४३ के बंगाल के अकाल ने देश को झकझोर कर रख दिया था। स्वतन्त्रता प्राप्ति के बाद प्राथमिकता अन्न उत्पादन पर आत्मनिर्भर बनने की थी, हरित क्रान्ति के माध्यम से हम सफल भी हुये, अन्न आयातक से निर्यातक बन गये। इस पूरी प्रक्रिया में संकर बीज, रासायनिक खाद और कीटनाशक आ गये, गाय केन्द्रित कृषिव्यवस्था बाजार केन्द्रित व्यवस्था में परिवर्तित हो गयी। तीन चार दशक तक रासायनिक खाद और कीटनाशक के प्रयोग ने भूमि की उर्वराशक्ति छीन ली है, आसपास के जल को भी दूषित कर दिया। साथ ही साथ तीक्ष्ण रासायनों से दूषित खाद्यान्न ने हमारे स्वास्थ्य पर भी अत्यन्त नकारात्मक प्रभाव डाला है। 

कृषि व्यवस्था से गाय की अनुपस्थिति ने न केवल भूमि को उसकी उत्पादकता से वंचित किया, वरन हमारे स्वास्थ्य में भी कैंसर आदि जैसे असाध्य रोगों को भर दिया। यही चिन्ता रही होगी कि विश्व आज प्राकृतिक या ऑर्गेनिक खेती की ओर मुड़ रहा है और इस प्रकार उत्पन्न खाद्यान्न और शाकादि सामान्य से कहीं अधिक मँहगे मूल्य में मिलते हैं।

गाय का पौराणिक चित्र, सब देव इसमें बसते हैं
जो महत्व गाय का हमारी कृषि व्यवस्था में रहा है और जिसके कारण हमारा स्वास्थ्य संरक्षित रहने की निश्चितता थी, वही महत्व गाय का आयुर्वेद में भी रहा है। आयुर्वेद में गाय के सारे उत्पादों को महत्व का माना गया है, दूध, दही, छाछ, मक्खन, घी, गोमूत्र और गोबर। आयुर्वेद में आठ तरह का दूध वर्णित है और उसमें सर्वोत्तम दूध का माना गया है। यह दूध आँखों, हृदय और मस्तिष्क के लिये अत्यन्त उपयोगी है। दूध रस और विपाक में मधुर, स्निग्ध, ओज और धातुओं को बढाने वाला, वातपित्त नाशक, शुक्रवर्धक, कफवर्धक, गुरु और शीतल होता है। गाय का दूध पचाने में आसान होता है, माँ के दूध के पश्चात बच्चों के लिये गाय का ही दूध सबसे अच्छा माना गया है। देशी गाय का दूध जर्सी गाय से कहीं अच्छा होता है, यह शरीर में प्रतिरोधक क्षमता, बुद्धि और स्मरणशक्ति बढ़ाता है। गाय के दूध में विटामिन डी होता है जो कैल्शियम के अवशोषण में सहायता करता है।

जो गायें आलस्य कर बैठी रहती हैं, उनका दूध भी गाढ़ा रहता है, जैसे जर्सी गायें, पर उनमें औषधीय गुण कम रहते हैं। जो गायें चरने जाती हैं, उनका दूध थोड़ा पतला होता है, पर वह बहुत ही अच्छा होता है, उसमें औषधीय गुण अधिक होते हैं। यही कारण है कि सुबह का दूध थोड़ा गाढ़ा होता है, शाम को चर के आने के बाद थोड़ा पलता होता है। हरे पत्ते आदि खाने से वह और भी अच्छा हो जाता है। बकरी छोटी छोटी पत्तियाँ खाती हैं, उसके दूध में औषधीय गुण आ जाते हैं। चरने वाली देशी गाय का सर्वोत्तम होती है।

दही तनिक खट्टा होता है, बाँधने के गुण से युक्त होता है, पचाने में दूध से अधिक गरिष्ठ, वातनाशक, कफपित्तवर्धक और धातुवर्धक होता है। छाछ या मठ्ठा आयुर्वेद की दृष्टि से और भी लाभकारी होता है, यह कफनाशक और पेट के कई रोगों में अत्यन्त प्रभावी होता है। मक्खन आयुर्वेदीय दृष्टि से कई गुणों से पूर्ण रहता है, यह घी जैसा गरिष्ठ नहीं होता है पर रोटी आदि में लगा कर खाया जा सकता है। घी का प्रयोग आयुर्वेद में विस्तृत रूप से किया जाता है। दूध के इस रूप को अधिक समय तक संरक्षित रखा जा सकता है तथा पंचकर्म में स्नेहन आदि से लेकर औषधियाँ बनाने में इसका उपयोग होता है। यही नहीं, भोजन को स्वादिष्ट बनाने के कारण यह प्रतिदिन पर्याप्त मात्रा में खाया जा सकता है। घी सर्वश्रेष्ठ पित्तनाशक माना जाता है।

जो गाय दूध न भी देती हो, वह भी आयुर्वेद की दृष्टि से अत्यन्त लाभदायक है। गोबर को कृषि कार्यों में उपयोग करने के अतिरिक्त गोबर के ऊपर बनायी भस्मों की क्षमता कोयले पर बनायी भस्मों से कहीं अधिक होती है। वहीं दूसरी ओर गोमूत्र का होना हमारे लिये वरदान है। गोमूत्र वात और कफ को तो समाप्त कर देता है, पित्त को कुछ औषधियों के साथ समाप्त कर देता है। पानी के अतिरिक्त  इसमें कैल्शियम, आयरन, सल्फर, सिलीकॉन, बोरॉन आदि है। यही तत्व हमारे शरीर में हैं, यही तत्व मिट्टी में भी हैं, यह प्रकृति के सर्वाधिक निकट है, संभवतः इसीलिये सर्वाधिक उपयोगी भी। देशी गाय, जो अधिक चैतन्य रहती हो, उसका मूत्र सर्वोत्तम है। उसमें पाया जाने वाला सल्फर त्वचा के रोगों के लिये अत्यन्त उपयोगी है। खाँसी के रोगों में भी गोमूत्र बहुत लाभदायक है। टीबी के रोगियों पर किये प्रयोगों से अत्यधिक लाभ मिले हैं, यह शरीर की प्रतिरोधक शक्ति बहुत अधिक बढ़ा देता है। गोमूत्र के प्रयोग कैंसर पर भी चल रहे हैं। जब शरीर में कर्क्यूमिन नामक रसायन कम होता है तो कैंसर हो जाता है। यह रसायन हल्दी के अतिरिक्त गोमूत्र में भरपूर मात्रा में है। इसका सेवन करने में लोग भले ही नाक भौं सिकोड़ते हों, पर वैद्य आज भी गोमूत्र अपनी विभिन्न औषधियों में देते हैं। आँख और कान के रोगों में गोमूत्र का बहुत लाभ है, क्योंकि आँख के रोग आँख में कफ बढ़ने से होता है। गाय का पंचामृत आयुर्वेद के अनुसार अत्यधिक उपयोगी है। 

कुतर्क हो सकता है कि यदि यह इतना ही उपयोगी होता तो गाय उसे छोड़ती ही क्यों, अपने उपयोग में क्यों नहीं ले आती। गाय को तभी तो माता कहा जाता है, क्योंकि गाय यह मूत्र हमारे उपयोग के लिये ही छोड़ती है। गोमूत्र गाय का प्रमुख उपहार है, दूध तो कुछ दिनों के लिये ही देती है। गोबर से उपले और खाद बनती है। जो गाय चरती है, उसके ही उत्पाद और गोमूत्र उपयोगी होता है। जर्सी गाय के मूत्र में तीन ही पोषक घटक है, जबकि देशी गाय के मूत्र में १० पोषक घटक हैं। कभी गाय का पौराणिक चित्र देखा हो तो गाय के मूत्र में धनवन्तरि, गोबर में लक्ष्मी, गले में शंकर बसते हैं। गोबर की खाद से खेती, उपले से ईँधन। गोबर गैस से ईंधन और गाड़ी भी चलायी जा सकती है। पेस्टीसाइट गोमूत्र से मिलता है। गाय हर प्रकार के विष अपने शरीर में ही सोख लेती है, तभी  गले में शंकर का वास माना गया है। इस प्रकार उसके शरीर से जो कुछ भी प्राप्त होता है, सारा का सारा मानव के लिये अत्यन्त उपयोगी है। गाय का संरक्षण हर प्रकार से आवश्यक है, मैंने पाली है, सच में बहुत अधिक आनन्द मिलता है।

यदि आधुनिकता पोषित रोगों के दुष्चक्र से निकलना है तो गाय को संरक्षित करना पड़ेगा। गाय हमारी सामाजिक व्यवस्था का प्राण है। तभी कहावत याद आती है कि हम गाय नहीं पाल सकते, गाय हमें पालती है। कुछ गायें थोड़ा कम दूध देती हैं। पर जो गाय दूध कम देती है, उसके बछड़े मज़बूत होते है। जो गाय अधिक दूध देती है, उसके बछड़े कमज़ोर होते हैं। गाय पालन के प्रति सबके मन में श्रद्धा है, मैंने अपने परिवार में देखा है, पिताजी में देखा है, सुबह से शाम तक प्रेम से गाय की सेवा करते हैं, घंटों उसके पास बैठे रहते हैं। कहते हैं कि जिस घर में गाय रहती है और जिस किसान के पास गाय रहती है, उन दोनों स्थानों पर भाग्य स्वयं आकर बसता है। काश, हमारी गायों का भी भाग्य सँवरे और वे पुनः हमारा भाग्य सँवारें। इति आयुर्वेद चर्चा।

गाय और उससे जुड़े शकुन

गाय और उससे जुड़े शकुन

जानिए गाय से संबंधित शकुन-अपशकुन
गौ प्राय: मेघ या उषा की रश्मियों का पश्वाकृति में देव रूप है। इडा और अदिति को भी गो के रूप में संबोधित किया गया है। देवों को प्राय: गौजाता: (गोजात) कहा गया है तथा इसे अवध्य माना है। गाय को संपूर्ण देवताओं से संबंध रखने वाली कहा गया है।

- ऐतरेय ब्राह्मण में अग्निहोत्र की गाय का बछड़ा छोड़ने पर या दूध दोहते समय बैठ जाना, दूध दोहते समय गाय का उच्च स्वर में रंभाना भी अपशकुन कहा गया है, जिसका कुप्रभाव यज्ञ में भुखमरी की सूचना माना जाता है।

- दूध दोहते समय गौ का ठोकर खा जाना, दूध का बिखर जाना आदि अन्य अपशकुन माने गए हैं जिनके लिए प्रायश्चित विधान है।

- गौ का घर की छत पर आ जाना, उनके स्तनों से रुधिर का टपकना, अद्‍भुत घटनाएं कही जाती है। गौ द्वारा यज्ञ स्थान का अतिक्रमण करना अशुभ माना गया है।

- स्वप्न में काले बछड़े से युक्त काली गौ का दक्षिण दिशा में जाना मृत्युसूचक माना गया है।

- एक गौ का दूसरी गौ का दूध पीना आदि गुह्य सूत्रों में गौ से संबंधित अपशकुन कहे गए हैं, जिनके प्रायश्चित करने के निर्देश किए गए हैं।

- यज्ञ की गाय का पूर्व की ओर जाना यजमान की प्रसन्नता का सूचक है। 

- उत्तर की ओर जाना यजमान की प्रतिष्ठा का द्योतक तथा पश्चिम की ओर जाना प्रजा तथा पशुओं के लिए शुभ माना गया है।

किंतु यज्ञीय-गौ का दक्षिण की ओर जाना मृत्यु की सूचना मानी गई है और स्वप्न में भी काली गौ का दक्षिण की ओर जाना अशुभ है। 

वास्तव में दक्षिण दिशा में पितरों तथा यम का निवास है, जिसके कारण गौ का इस दिशा में जाना भी अपशकुन कहा गया है।


हर दोष का निवारण करती है गाय, पुराणों में वर्णित महत्व

हर दोष का निवारण करती है गाय, पुराणों में वर्णित महत्व

वास्तु दोषों का भी निवारण करती है गाय 

जिस स्थान पर भवन, घर का निर्माण करना हो, यदि वहां पर बछड़े वाली को लाकर बांधा जाए तो वहां संभावित वास्तु दोषों का स्वत: निवारण हो जाता है, कार्य निर्विघ्न पूरा होता है और समापन तक आर्थिक बाधाएं नहीं आतीं।

 
गाय के प्रति भारतीय आस्था को अभिव्यक्त करने की आवश्यकता नहीं है; क्योंकि गाय सहज रूप से भारतीय जनमानस में रची-बसी है। गोसेवा को एक कर्तव्य के रूप में माना गया है। गाय सृष्टिमातृका कही जाती है। गाय के रूप में पृथ्वी की करुण पुकार और विष्णु से अवतार के लिए निवेदन के प्रसंग पुराणों में बहुत प्रसिद्ध हैं।

'समरांगणसूत्रधार'- जैसा प्रसिद्ध बृहद वास्तु ग्रंथ गोरूप में पृथ्‍वी-ब्र्ह्मादि के समागम-संवाद से ही आरंभ होता है। वास्तु ग्रंथ 'मयमतम्' में कहा गया है कि भवन निर्माण का शुभारंभ करने से पूर्व उस भूमि पर ऐसी गाय को लाकर बांधना चाहिए, जो सवत्सा (बछड़े वाली) हो।

नवजात बछड़े को जब गाय दुलारकर चाटती है तो उसका फेन भूमि पर गिरकर उसे पवि‍त्र बनाता है और वहां होने वाले समस्त दोषों का निवारण हो जाता है।

यही मान्यता वास्तुप्रदीप, अपराजितपृच्‍छा आदि ग्रंथों में भी है।

महाभारत के अनुशासन पर्व में कहा गया है कि गाय जहां बैठकर निर्भयतापूर्वक सांस लेती है तो उस स्थान के सारे पापों को खींच लेती है- 
 
नि‍विष्टं गोकुलं यत्र श्वासं मुञ्चति निर्भयम्।
विराजयति तं देशं पापं चास्यापकर्षति।।
 
यह भी कहा गया है कि जिस घर में गाय की सेवा होती है, वहां पुत्र-पौत्र, धन, विद्या, आदि सुख जो भी चाहिए, मिल जाता है।

यही मान्यता अत्रि सं‍हिता में भी आई है।

महर्षि अत्रि ने तो यह भी कहा है कि जिस घर में सवत्सा धेनु नहीं है, उसका मंगल-मांगल्य कैसे होगा?
 
गाय का घर में पालन करना बहुत लाभकारी है। इससे घरों में सर्व बाधाओं और विघ्नों का निवारण हो जाता है। बच्चों में भय नहीं रहता।

विष्णु पुराण में कहा गया है कि जब श्रीकृष्ण पूतना के दुग्धपान से डर गए तो नंद दंपति ने गाय की पूंछ घुमाकर उनकी नजर उतारी और भय का निवारण किया।

सवत्सा गाय के शकुन लेकर यात्रा में जाने से कार्य सिद्ध होता है।
 
पद्मपुराण और कूर्मपुराण में कहा गया है कि कभी गाय को लांघकर नहीं जाना चाहिए। किसी भी साक्षात्कार, उच्च अधिकारी से भेंट आदि के लिए जाते समय गाय के रंभाने की ध्वनि कान में पड़ना शुभ है।

संतान-लाभ के लिए गाय की सेवा अच्छा उपाय कहा गया है।

शिवपुराण एवं स्कंदपुराण में कहा गया है कि गोसेवा और गोदान से यम का भय नहीं रहता।

गाय के पांव की धूलिका का भी अपना महत्व है। यह पापविनाशक है, ऐसा गरूड़पुराण और पद्मपुराण का मत है।

ज्योतिष एवं धर्मशास्त्रों में बताया गया है कि गोधूलि वेला विवाहादि मंगल कार्यों के लिए सर्वोत्तम मुहूर्त है। जब गायें जंगल से चरकर वापस घर को आती हैं, उस समय को गोधूलि वेला कहा जाता है। गाय के खुरों से उठने वाली धूल राशि समस्त पाप-तापों को दूर करने वाली है।

पंचगव्य एवं पंचामृत की महिमा से सर्वविदित हैं ही। गोदान की मह‍िमा से कौन अपरिचित है! ग्रहों के अरिष्ट-निवारण के लिए गोग्रास देने तथा गौ के दान की विधि ज्योतिष ग्रंथों में विस्तार से निरूपित है। इस प्रकार गाय सर्वविध कल्याका‍री ही है।

गाय सारे राष्ट्र और विश्वकी माता है

गाय सारे राष्ट्र और विश्वकी माता है 

( ब्रह्मलीन श्रद्धेय स्वामी श्रीशरणानन्दजी महाराज )

1. हम गायकी सेवा करेंगे तो गायसे हमारी सेवा होगी ।

2. शुद्ध संकल्पमें संकल्पसिद्धि रहती है। शुद्ध संकल्पका र्अर्थ क्या है? जिसकी पूर्तिमें लोगों का हित हो और प्रभुकी प्रसन्नता हो, उसको शुद्ध संकल्प कहते हैं। जब संकल्प शुद्ध होता है तो सिद्ध होता ही है, ऐसा प्रभुका मंगलमय विधान है।
3. सेवक कैसा होना चाहिये, इसपर विचार करनेसे लगता है कि सेवक के हृदयमें एक मधुर-मधुर पीड़ा रहनी चाहिये और उत्साह रहना चाहिये तथा निर्भयता रहना चाहिये एवं असफलता देखकर कभी भी निराश नहीं होना चाहिये। सेवक से सेवा होती है, सेवा से कोई सेवक नहीं बन सकता।
4. इस देश में ही नहीं,.समस्त विश्वमें मानव और गायका ऐसा सम्बन्ध है कि जैसा मानवशरीर में प्राण। अब अन्य देशों में गाय का सम्बन्ध आत्मीय नहीं रहा, कहीं आर्थिक बना दिया, कहीं कुछ बना दिया। मेरे ख्यालसे गाय का सम्बन्ध आत्मीय सम्बन्ध है। गाय मनुष्यमात्र की माता है।
5. लोग गायका आर्थिक पक्ष सामने रखकर सोचते हैं कि गाय कि सेवा तनसे और मनसे होना चाहिये। आज हमलोगोंकी ऐसी स्थूल दृष्टि हो गयी है कि धनकी सेवाको बहुत बड़ी सेवा समझते हैं। बहुत बड़ी सेवा तो मन की सेवा है, जिसे हर भाई-बहन कर सकता है।
5. लोग गायका आर्थिक पक्ष सामने रखकर सोचते हैं कि गाय कि सेवा तनसे और मनसे होना चाहिये। आज हमलोगोंकी ऐसी स्थूल दृष्टि हो गयी है कि धनकी सेवाको बहुत बड़ी सेवा समझते हैं। बहुत बड़ी सेवा तो मन की सेवा है, जिसे हर भाई-बहन कर सकता है।
6. हमारा मन और गाय यह एक होना चाहिये। हमारे मन में गाय बस जाय, किसलिये? इसलिये नहीं कि हमको कोई लाभ होगा, पर इसलिये कि अगर विश्व में गाय है तो सात्विक प्राण, सात्विक बुद्धि और दीर्घायुवाली बात पूरी हो सकती है।
7. केवल इसी बात को लेकर कि हमारी संस्कृतिमें गाय है, हमारे धर्म में गाय है, यह सब तो है ही, लेकिन मेरा विश्वास है कि गायका और मनुष्यके प्राणों का बहुत ही घनिष्ट सम्बन्ध है। गाय मानवीय प्रकृति से जितनी मिल-जुल जाती है, उतना और कोई पशु नहीं मिल पायेगा।
8. बच्चेके मरनेका जितना शोक होता है और उसके पैदा होनेपर जितना हर्ष और उत्सव होता है, वैसे ही गायके मरने और पैदा होनेपर शोक और हर्ष होता था, यह हमने बचपन में देखा था।
9. जिस गाय का बच्चा मर जाय उसका दूध नहीं पीते थे।आज तो बच्चा मारकर ही दूध निकालते हैं।
10. गाय जितनी प्रसन्न होती है,उतने ही उसके दूध में विटामिन्स उत्पन्न होते हैं और गाय जितनी दु:खी होती है, उतना ही दूध कमजोर होता है।
11. मेरी हार्दिक इच्छा है कि कोई घर ऐसा न हो, जिसमें गाय न हो; गाय का दूध न हो। हर घर में गाय हो और गाय का दूध पीने को मिलना चाहिये। गाय ने मानवबुद्धि की रक्षा की है।
12. बेईमानीका समर्थन करना और उससे एक-दूसरेपर अधिकार जमाना, यह बढ़ता जा रहा है । इसका कारण है कि बुद्धि सात्विक नहीं है, बुद्धि सात्विक क्यों नहीं? कारण मन सात्विक नहीं है । मन सात्विक क्यों नहीं? कारण शरीर सात्विक नहीं है। शरीर सात्विक नहीं है, तो इसका कारण? आहार सात्विक नहीं है।
13. मैं आपसे निवेदन करना चाहता था कि सचमुच जितना आपलोग गाय के सम्बन्धमें जानते हैं, उसका हजारवाँ हिस्सा भी मैं नहीं जानता हूँ, लेकिन क्या सचमुच आपलोग गाय के साथ मातृ-सम्बन्ध जोड़नेके लिए राजी हैं? अगर हाँ, तो हमारा बेड़ा पार हो जायगा।
14. जो लोग सेवा करना चाहते हैं--वे कैसे हैं, इस बातपर जोर डालिये। समाज क्या करता है, राज्य क्या करता है, कुछ लोग देते हैं कि नहीं, वह गौण है। मुख्य बात यह है कि अपने दिलमें गायके प्रति पीड़ा होती है कि नहीं?
15. गाय हमारी ही नहीं, मानवसमाजकी माँ है, सारे राष्ट्रकी और सारे विश्वकी माँ है। गायकी रक्षा होती है तभी प्रकृति भी अनुकूल होती है, भूमि भी अनुकूल होती है। गायकी सेवा होनेसे भूमिकी सेवा होती है और भूमि स्वयं रत्न देने लगती है।
16. जैसे-जैसे आप गोसेवा करते जायँगे, वैसे-वैसे आपको यह मालूम होता जायगा कि गाय आपकी सेवा कर रही है। आपको यह लगेगा कि आप गाय कि सेवा कर रहे हैं तो गाय हर तरह से स्वास्थ्य की दृष्टिसे, बौद्धिक दृष्टिसे, धार्मिक दृष्टिसे आपकी सेवा कर रही है।
17. हम सच्चे सेवक होंगे तो हमारी सेवा होगी, हमारी सेवाका मतलब मानवजातिकी सेवा होगी, मानवमात्रकी सेवासे ही सब कुछ हो सकता है। मानव जब सुधरता है तो सब कुछ सुधरता है और मानव जब बिगड़ता है तो सब कुछ बिगड़ जाता है।

शनिवार, 26 सितंबर 2015

गो गव्य ही सर्वोत्तम आहार हैं।

गो गव्य ही सर्वोत्तम आहार हैं।

यज्ञ में काम लिया जाने वाला घृत केवल और केवल गो-घृत ही होना चाहिये, तभी देवता उसको ग्रहण करेंगे। बाजारू घृत जो कि चर्बीयुक्त हो सकता है या फिर अन्य पशुओं का घृत जो कि अशुद्ध माना जाता है, देवता नहीं दानव ग्रहण करेंगे। उससे देव शक्ति की बजाय दानवी शक्ति का पोषण होगा। परिणाम हमारे लिये निश्चित उल्टा ही होगा। अतः यज्ञ में केवल गो-गव्यों का ही प्रयोग करना चाहिये। शास्त्र विरुद्ध किया गया कार्य पूरी सृष्टि के लिये हानिकारक होता है। शास्त्र में जहाँ भी दूध, दही, छाछ, मक्खन, घृत आदि उल्लेख किया गया है वो केवल गाय के गव्य ही हैं, क्योंकि उस समय भैंस, जर्सी, हॉलिस्टीयन जैसे पशुओं का व्यवहार कहीं भी शास्त्र में आया ही नहीं है।
बीमारियों से बहुत दुःखी होने के बाद भी आम आदमी में यहाँ तक कि बुद्धिजीवियों और बड़े-बड़े कई साधु-संतों में भी सजगता देखने में नहीं आ रही है। दूध और घी के विषय में तो वे बिल्कुल लापरवाह या अनभिज्ञ से नजर आ रहे हैं। हृदयघात और ब्लोकेज में कॉलेस्ट्राल मुख्यतः गोघृत के अलावा खाया गया घृत है, जिससे हमारा पाचन तंत्र पचा नहीं पाया।
इसके अलावा गुणों में गाय का दूध सात्विक, भैस का राजसी व जर्सी-हॉलिस्टीयन का तामसी होता है। इनको खाने से इनके जैसा ही हमारा मन मस्तिष्क और हृदय बनता है। सफेद रंग का हरेक पदार्थ दूध नहीं होता है।
वर्तमान में गाय का जो त्याग और तिरस्कार है वो मुख्यरूप से दूध की मात्रा को लेकर किया जा रहा है। वजह केवल व्यापार। बेचने वाला तो रुपये कमाने के लिये ऐसा कर रहा है, पर खरीददार दूध के प्रति शिक्षित नहीं होने के कारण शुद्ध गाय के दूध की माँग नहीं कर रहे हैं।
लगातार अनदेखी से हमारे देश में गायों की नस्ल में भारी गिरावट आई है, जिससे वे कम दूध दे रही है। देश में दूध की माँग केवल दो फालतू के कार्यों हेतु है- 1. चाय और 2. मिठाई। अगर लोग चाय पीना छोड़ दें, जो कि जीवन निर्वाह हेतु कतई आवश्यक नहीं है, तो दूध की खपत एकदम गिर जायेगी। जो मिठाई वर्तमान में लोग खा रहे हैं, उससे स्वास्थ्य को लाभ की बजाय हानि अधिक हो रही है, केवल जीभ का स्वाद लेने के लिये बीमारी का घर खा रहे हैं। ऐसी मिठाई का भी यदि त्याग कर दें तो दूध की खपत और घट जायेगी। ऐसे लोगों की संख्या बहुत कम रह गयी है जो स्वास्थ्य के लिये दूध पीते हैं। बच्चे अभी भी दूध जरूर पीते हैं।
जब माँग कम होगी तो उसकी पूर्ति केवल गायों से हो जायेगी। इससे लाभ यह होगा कि हमें वाकई में पीने को दूध मिलेगा। हमारा स्वास्थ्य और करोड़ों का खर्च बच जायेगा।
चाय और मिठाई के लिये अधिक दूध की माँग ने गाय को घर से बाहर कर दिया और उसे बूचड़खानों की और धकेल दिया।
कुछ सज्जन मेरे यहाँ से गाय का शुद्ध दूध ले गये और अपने बच्चों को पिलाया। मैंने 10 दिन बाद उन बच्चों को पूछा कि गाय का दूध कैसा लग रहा है? उनका उत्तर थ कि अंकलजी हमने जीवन में व्हाइट दूध ही पहली बार पीया है। अब तक स्वाद न होने के कारण हम बोर्नवीटा मिलाकर कलर्ड (रंगीन) दूध ही पी पाते थे। अब तो वे गाय के दूध के अलावा दूध पीने को तैयार ही नहीं हैं।
अकबर ने एक बार बीरबल को पूछा कि सबसे अच्छा दूध किसका होता है। हाजिर जवाब बीरबल ने तपाक से उत्तर दिया भैंस का। अकबर को बीरबल से यह उम्मीद कतई नहीं थी। वो उसे हिन्दूवादी और गाय का प्रबल पक्षधर समझता था, इसलिये बीरबल के इस उत्तर से वह आश्चर्यचकित था। अकबर यह अच्छी तरह जानता था कि बीरबल कभी गलत उत्तर नहीं दे सकता, पर आज ऐसा कैसे हुआ? अकबर ने अगला प्रश्न किया कि- कैसे और क्यों?
बीरबल ने उत्तर दिया -जहाँपनाह, दूध तो केवल दो ही जानवर देते हैं। एक भैंस और दूसरी बकरी। इनमें भैंस का ठीक है। महाराज गाय दूध नहीं, साक्षात् अमृत देती है। मैं उसे दूध की श्रेणी में नहीं गिना सकता।
  अतः मित्रों, मात्रा नहीं दूध की गुणवत्ता देखें। सफेद जहर से बचें।
आज इतना ही । जय गोमाता ! जय गोपाल !

बुधवार, 23 सितंबर 2015

बकरीद पर बेजुबान जीवों की सामूहिक हत्या अनुचित...

“नहीं पहुँचते अल्लाह के पास गोश्त और लहू के लुकमे,
पहुचती है अल्लाह के पास तेरी परहेजगारी और दयानतगारी।”
बकरीद पर बेजुबान जीवों की सामूहिक हत्या अनुचित...
मेरे हृदय से किसी भी मुश्लिम मित्र को 'बकरीद' के दिन मुबारकबाद नहीं निकलती है।
मेरे कुछ मुस्लिम मित्र भी जानकार हैं, लेकिन उन्हें भी मैं बकरीद के दिन मुबाकरबाद नहीं दे सकता ।
अनेकों को शायद बुरा भी लगता होगा, लगे तो लगे, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।
जो लोग धर्म की आड़ में मूक जानवरों की हत्या करते हैं, मैं उन्हें कभी भी मुबारकबाद दे ही नहीं सकता ।
बकरीद का दिन (इस साल 25 सितम्बर, 2015) एक ऐसा दिन जो साल के 365 दिन में मेरे लिये सबसे दुखद दिन होता है।
बकरीद के दिन धर्म के नाम पर, बेजुबान और बेगुनाह जानवरों की सामूहिक हत्या करके 'ईद' अर्थात् खुशियाँ मनाना कहीं से भी गले नहीं उतरता है।
मैं किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता ।
किसी भी जीव की हत्या करना मेरी नजर में अधर्म है।
मैंने इस्लाम धर्म की अनेक प्रतिष्ठित पुस्तकों को पढा है।
मुस्लिम विद्वानों द्वारा हिन्दी में अनुवादित कुरान को भी पढा है।
मुझे कहीं भी मोहम्मद साहब का ऐसा कोई सन्देश पढने को नहीं मिला, जिसमें यह कहा गया हो कि निर्दोष और मूक जानवर की बली देने से खुदा प्रसन्न होता है या इस्लाम को मानने वाले को निर्दोष और मूक जानवर की हत्या करना जरूरी शर्त है।
फिर धर्म के नाम पर बेजुबान जीवों की हत्या करने का औचित्य समझ से परे है?
ऐसा भी नहीं है कि बकरों आदि अनेक जीवों की हत्या सामान्य दिनों में नहीं होती है, निश्चय ही रोज गाय-भैंस, भेड़-बकरों आदि जीवों का कत्ल होता है।
विश्व स्तर पर इस तथ्य को भी मान्यता मिल चुकी है कि यदि लोग मांस का सेवन नहीं करेंगे तो भूखों मरने की नौबत आ सकती है।
इसके अलावा अनेक मांसाहारी लोगों द्वारा ऐसे तर्क भी दिये जाते हैं कि पर्यावरण एवं प्रकृति को संन्तुलित बनाये रखने के लिये भी गैर-जरूरी जीवों को नियन्त्रित रखना जरूरी है।
लेकिन मुझे लगता है की प्रकृति के सन्तुलन को तो सबसे ज्यादा मानव ने बिगाड़ा है, तो क्या मानव की हत्या करके उसके मांस का भी भक्षण शुरू कर दिया जाना चाहिये।
मुझे पता है कि मांस भक्षण करने वालों की संख्या तेजी से बढ रही है।
इस्लाम धर्म में बकरीद के दिन निर्दोष जीवों की बलि जरूरी हो चुकी है, इन सब बातों को रोकना असम्भव है।
फिर भी संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचार व्यक्त करने की आजादी देता है। इसलिये मैं अपने विचारों को अभिव्यक्ति देकर अपने आपको हल्का अनुभव कर रहा  हूँ।
मैं मुस्लिम समुदाय के सभी लोगों से अपील करता  हूँ की बकरीद पर गाय-बैल आदि बेजुबान जीवों की हत्या ना करे....
हम निर्बल है मूक जीव बस ऐसे ही रह जाते हैं,
सुबह सलामत देखते हैं पर शाम हुई कट जाते हैं...
कितने हैं इंसान लालची, गिरे हुए यह मत पूछो,
मांस मिले गर खाने को तो मजहब से हट जाते हैं।"

मंगलवार, 22 सितंबर 2015

घरों में निकली गाय -बैलों के गले की रस्सी ही आज प्रत्येक किसान की ख़ुदकुशी का सबसे बड़ा कारण ||

ये कहने की बात नही,ये तो जानने और समझने की बात है,
भारत की आजादी से पहले और बाद तक की ये बात है;
भारत एक ऐसा देश रहा यहाँ भारत का प्रत्येक इंसान धनी था!
इसको देख कर और देशों को आश्चर्य रहता था की ऐसा क्या है की यहाँ के लोग इतने धनी होते;धनी होने का मुख्य कारण था हमारे गाय-बैल;
जिनसे उत्तम खाद,पौष्टिक दूध ,दही,लस्सी,माखन जैसे पदार्थों का सेवन प्रत्येक वर्ग के लोगों के घरों में पाया जाता था!
ऐसे में बहुत से अंग्रेज,ब्रिटिश लोगों ने भारत देश को अपने कब्जे में करना चाहा!!
परंतु यहाँ इस देश की पावन मीट्टी में ऐसे सूरवीर योद्धा पैदा हुये जिनसे भारी हार का सामना उन लोगों को करना पड़ा!
इसीसे उनका ध्यान पड़ा भारती गाय,बैलों पर;
इसीसे से उन् लोगों ने धर्म के नाम से हम भारतीय हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई को आपस पे दुश्मन बना दिया|
भारत आजाद तो हुआ ,परन्तु हमारे धर्मों के नाम से झगड़े आज तक समाप्त नही हुए;
और उनसे मिले कुछ सरकारी टुकड़ों पर पल रहे देश के गद्दार जो आज भी हम सभी को आपस में बटवारा करने पर तुले;
आज प्रत्येक घर में दूध,दही,माखन की जगह शराब बीड़ी तम्बाकू ऐसे कोई और तरह के नशे सेवन किय जा रहे||
खेती को बन्ज़िर बनाया जा रहा नशीली रासायनिक दवाइयों के द्वारा|
1.आधुनिक की चकचौंक में इंसान सबकुछ भूल चूका!
देसी हाल्ट-ट्यूबिल्ल के द्वारा बैलों के ज़रिये कम खर्च से ज्यादा पानी का प्राप्त करना|
इसके उल्टा आज बिजली की सहायता से कम पानी और खर्च ज्यादा|

2,खर्च के बिन फसलों में गोबर खाद का उपयोग होना
इसके उल्टा आज महंगी दाम में यूरिया मोनोसेल ज़हरीले रसायन खाद दवाइयों का उपयोग में लाना!

3.कभी खेती बैलों के द्वारा की जाती थी कम खर्च में
इसके उल्टा आज ट्रैक्टर ट्रॉली महंगे भाव के डीजल पैट्रोल पर चलने वाले!

4.कभी ढोया-धवाइ में बैलों क8 मदद ली जाती थी
और आज ये काम सभी महंगे भाव से चल रहे !

इन्हीं कारण आज भारत वर्ष की कई एकड़ जमीन बन्ज़िर हो चुकी/
और हमने ने इस आधुनिक दुनियां को अपनाने के कारण गौ-बैलों को रस्से खोल,घरों से बाहर कर दिया,
परिणाम सामने है
ज़हरीली सब्जियों,फलों के सेवन से केन्सर जैसी ला इलाज बिमारी प्रत्येक घर पर वार कर रही|
आधुनिक मशीनरी कारण ही रोजाना नजाने कितने हादसे होते!!
घरों में निकली गाय -बैलों के गले की रस्सी ही आज प्रत्येक किसान की ख़ुदकुशी का सबसे बड़ा कारण ||

जागो किसान जागो

वन्दे गौ मातरम्